Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

लक्ष्मी मित्तल ने खरीदी राजस्थान रॉयल्स की फ्रेंचाइजी

नई दिल्ली। सबसो लोकप्रिय क्रिकेट टूर्नामेंट आईपीएल के मुकाबले के बीच खबर आई है कि राजस्थान रॉयल्स की फ्रेंचाइजी के मालिक बदल गए हैं। दुनिया के सबसे बड़े स्टील कारोबारी लक्ष्मी मित्तल और उनके बेटे आदित्य मित्तल ने दुनिया की सबसे बड़ी वैक्सीन बनाने वाली कंपनी सीरम इंस्टीच्यूट को मालिक अदार पूनावाला के साथ मिल कर इसकी फ्रेंचाइजी खरीदी है।

इस सौदे की अनुमानित कीमत करीब 1.65 अरब अमेरिकी डॉलर यानी करीब 15,660 करोड़ रुपए बताई जा रही है। यह आईपीएल इतिहास की दूसरी सबसे बड़ी डील है। सौदा पूरा होने के बाद मित्तल परिवार के पास राजस्थान रॉयल्स की करीब 75 फीसदी हिस्सेदारी होगी, जबकि अदार पूनावाला करीब 18 फीसदी के हिस्सेदार होंगे। बाकी सात फीसदी हिस्सेदारी मनोज बडाले और अन्य मौजूदा निवेशकों के पास रहेगी।

इससे पहले खबर आई थी कि भारतीय मूल के अमेरिकी बिजनेसमैन काल सोमानी और उनके कॉन्सोर्टियम ने राजस्थान रॉयल्स को खरीदने के लिए 1.63 अरब डॉलर यानी करीब 15,289 करोड़ रुपए की बोली लगाई थी। बाद में यह सौदा नहीं हो सका। बहरहाल, राजस्थान रॉयल्स अब सिर्फ आईपीएल तक सीमित नहीं है। यह एक ग्लोबल क्रिकेट ब्रांड बन चुका है। इस सौदे में आईपीएल टीम के साथ साथ राजस्थान रॉयल्स के मालिकाना हक वाली दक्षिण अफ्रीका की ‘पार्ल रॉयल्स’ और कैरेबियन लीग की ‘बारबाडोस रॉयल्स’ भी शामिल हैं। बताया गया है कि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड, आईपीएल गवर्निंग काउंसिल और अन्य संबंधित संस्थाओं की मंजूरी के बाद ही इसे अंतिम रूप दिया जाएगा। अनुमान है कि सभी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद यह सौदा सितंबर 2026 तक पूरा हो सकता है।

Exit mobile version