Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

लॉरेंस का भाई अनमोल भारत लाया गया

नई दिल्ली। दिल्ली की एक अदालत ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या के आरोपी और गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के भाई अनमोल बिश्नोई को बुधवार को 11 दिन की एनआईए हिरासत में भेज दिया।

एनआईए ने अमेरिका से प्रत्यर्पित किए गए अनमोल को शाम करीब पांच बजे पटियाला हाउस अदालत में पेश किया। संघीय एजेंसी ने विशेष न्यायाधीश प्रशांत शर्मा के समक्ष अनमोल को प्रस्तुत कर 15 दिन की हिरासत की मांग की, जिस पर अदालत ने उसे 11 दिन की एनआईए हिरासत में भेजने का आदेश दिया।

अदालत के बाहर पत्रकारों से बात करते हुए विशेष लोक अभियोजक (एसपीपी) राहुल त्यागी ने कहा कि आरोपी को एनआईए हिरासत समाप्त होने के बाद फिर से अदालत में पेश किया जाएगा।

त्यागी ने कहा, “वह (अनमोल) आतंकवादी–गैंगस्टर सिंडिकेट का एक बहुत ही महत्वपूर्ण सदस्य है। उसके पास कुछ अत्यंत महत्वपूर्ण जानकारी है।” उन्होंने कहा कि एनआईए ने सिंडिकेट के काम करने के तौर-तरीके, धन के स्रोत, अन्य लोगों की संलिप्तता और नेटवर्क की गतिविधियों की पड़ताल के आधार पर अनमोल की हिरासत मांगी थी। लोक अभियोजक ने कहा, “हम यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि वह भारत से कैसे भागा।”

अदालत परिसर और आसपास के इलाकों में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रही। मीडिया कर्मियों को अदालती कार्यवाही में शामिल होने की अनुमति नहीं थी।

राकांपा नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या, अप्रैल 2024 में बॉलीवुड स्टार सलमान खान के घर पर हुई गोलीबारी, पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या सहित कई अन्य अपराधों में वांछित अनमोल को मंगलवार को अमेरिका से प्रत्यर्पित किया गया था। उसे नवंबर 2023 में अमेरिका में हिरासत में लिया गया था।

वर्ष 2022 से फरार अनमोल अमेरिका में रह रहा था और जेल में बंद अपने भाई लॉरेंस बिश्नोई के नेतृत्व वाले आतंकवादी–सिंडिकेट में शामिल होने के आरोप में गिरफ्तार होने वाला 19वां आरोपी है।

Exit mobile version