कोलकाता। पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने आरोप लगाया है कि उनकी गाड़ी के ऊपर पत्थरों से हमला किया गया। उन्होंने कहा कि पुलिस के सामने भीड़ ने उनकी गाड़ी रोक ली, कार पर मिट्टी और कीचड़ लगा दिया साथ ही बड़े बड़े पत्थर भी फेंके। ममता ने कहा कि कुछ लोगों ने जूते, पत्थर फेंके और अगर गाड़ी की खिड़की खुली होती तो सिर चकनाचूर हो जाता। ममता ने कहा कि इस हमले में उनकी मौत भी हो सकती थी। उन्होंने पुलिस के इस साजिश में शामिल होने के आरोप लगाए हैं और कहा है कि पूरा राज्य गुंडों के कंट्रोल में है।
असल में ममता बनर्जी उत्तर 24 परगना जिले में अपनी पार्टी के कार्यकर्ता की मौत के बाद उसके परिवार से मिलने जा रहीं थीं। रास्ते में बिजपुर के पास स्थानीय भीड़ ने उनका काफिला रोक लिया। प्रदर्शनकारियों ने उनके खिलाफ नारे लगाए। ममता बनर्जी ने बाद में कहा, ‘मेरी कार पर हमला एक साजिश के अलावा कुछ नहीं है। मैंने पुलिस को बताया था कि मैं यहां आऊंगी, इसके बावजूद पुलिस ने कोई सुरक्षा इंतजाम नहीं किए। पूरे पश्चिम बंगाल को गुंडे नियंत्रित कर रहे हैं’।
गौरतलब है कि इससे पहले ममता बनर्जी के कार्यक्रमों में कई बार हंगामा हुआ है। चुनाव हारने के बाद एक कार्यक्रम में वे अपनी पार्टी के एक कार्यकर्ता से इतना नाराज हो गई थीं कि उसको कई थप्पड़ मारे थे। ममता बनर्जी की पार्टी के सांसदों के साथ भी कई जगह बदसलूकी होने की खबरें आई हैं। कई सांसदों के ऊपर लोगों ने अंडे फेंके।
