Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

ममता ने सभी उम्मीदवार घोषित किए

कोलकाता। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने विधानसभा चुनाव के लिए अपनी पार्टी तृणमूल कांग्रेस के सभी उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। उन्होंने 294 सदस्यों की विधानसभा के लिए 291 सीटों पर अपने उम्मीदवार घोषित किए हैं। ममता ने तीन सीटें पहाड़ी इलाके की अपनी सहयोगी पार्टी बीजीपीएम को दी हैं। ममता ने 74 विधायकों यानी करीब एक तिहाई विधायकों की टिकट काट दी है। इसके अलावा 15 विधायकों की सीटें बदली गई हैं।

ममता बनर्जी खुद अपनी पारंपरिक भवानीपुर सीट से ही लड़ेंगी। भाजपा विधायक दल के नेता शुभेंदु अधिकारी से एक बार फिर उनका मुकाबला होगा। गौरतलब है कि भाजपा ने अधिकारी को उनकी पारंपरिक नंदीग्राम सीट के अलावा भवानीपुर से भी उम्मीदवार बनाया है। वे दो सीटों से चुनाव लड़ेंगे लेकिन ममता इस बार भी एक ही सीट से लड़ेंगी। बहरहाल, ममता बनर्जी ने टिकट बंटवारे में जातीय, क्षेत्रीय, आयु वर्ग और राजनीतिक अनुभव जैसे सभी पहलुओं को ध्यान में रख कर सूची तैयार की है।

गौरतलब है कि ममता बनर्जी लगातार तीन बार से चुनाव जीत रही हैं और इस बार रिकॉर्ड चौथी बार चुनाव जीतने के लिए मैदान में उतरेंगी। माना जा रहा है कि 15 साल की एंटी इन्कम्बैंसी को कम करने के लिए उन्होंने इतनी बड़ी संख्या में विधायकों की टिकट काटी है। बहरहाल, उससे पहले भाजपा ने अपने 144 उम्मीदवारों की घोषणा की थी। तृणमूल कांग्रेस ने कुल उम्मीदवारों में 78 अनुसूचित जाति के और 17 अनुसूचित जनजाति के उम्मीदवार उतारे हैं। 47 अल्पसंख्यक और 52 महिलाओं को उन्होंने टिकट दी है।

बंगाल में भाजपा के चेहरे के तौर पर लड़ रहे शुभेंदु अधिकारी की नंदीग्राम सीट पर ममता बनर्जी ने उनके करीबी रहे पवित्र कर को उम्मीदवार बनाया है। पवित्र कर भी तृणमूल छोड़ कर शुभेंदु अधिकारी के साथ चले गए थे। वे मंगलवार को ही लौट कर तृणमूल में शामिल हुए और ममता बनर्जी ने उनको टिकट दी है। पवित्र कर नंदीग्राम में एक चर्चित नाम हैं और उनको नंदीग्राम का बेटा कहा जाता है।

Exit mobile version