Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

मणिपुर में महिला को गोली मारी

इंफाल। मणिपुर में ताजा हिंसा में कुछ हथियारबंद लोगो ने एक महिला को उसके घर के बाहर गोली मार कर हत्या कर दी। महिला के चेहरे पर गोली मारी गई। घटना शनिवार की है। इसके अलावा कुछ गाड़ियों में आग लगाए जाने की घटना भी हुई है। गौरतलब है कि मणिपुर में तीन मई से कुकी और मैती समुदाय के बीच टकराव चल रहा है, जिसमें अब तक डेढ़ सौ से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। इसके अलावा 60 हजार से ज्यादा लोग विस्थापित होकर राहत शिविरों में रह रहे हैं।

बहरहाल, शनिवार को इंफाल पूर्वी जिले में एक महिला की घर के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई। खबरों के मुताबिक, कुछ हथियारबंद लोग सावोमबुंग इलाके में आए और उन्होंने 50 साल की एक महिला को गोलियों से भून दिया। घटना के बाद पुलिस हाई अलर्ट पर है और इलाके की घेराबंदी कर दी गई है। बताया गया है कि मारी गई महिला मरिंग नगा समुदाय से थी। इससे 10 दिन पहले छह जुलाई को मणिपुर के इंफाल पश्चिमी जिले में भी ऐसी घटना हुई थी। उस समय स्कूल के बाहर एक महिला को गोली मार दी गई थी।

महिला की हत्या के अलावा शनिवार को मणिपुर के इंफाल पश्चिम जिले में तीन खाली ट्रकों में आग लगा दी गई। यह घटना सेकमाई थाना क्षेत्र के अवांग सेकमाई इलाके में हुई। गौरतलब है कि मणिपुर में तीन मई से हिंसा शुरू हुई थी। उसके बाद से अब तक डेढ़ सौ से ज्यादा लोगों की मौत हुई है और एक हजार से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। दोनों समुदायों के बीच तनाव बना हुआ है और लोग अपनी जाति की बहुलता वाले इलाकों में ही सुरक्षा महसूस कर रहे हैं।

Exit mobile version