Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

खुदरा महंगाई में मामूली बढ़ोतरी

नई दिल्ली। मार्च के महीने में खुदरा महंगाई दर में मामूली बढ़ोतरी हुई है। बताया जा रहा है कि खाने पीने की चीजों की कीमतों में बढ़ोतरी की वजह से महंगाई दर बढ़ी है। सरकार की ओर से सोमवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक मार्च में खुदरा महंगाई दर बढ़ कर 3.4 फीसदी पहुंच गई है। इससे पहले फरवरी में यह 3.21 फीसदी थी। ईरान के ऊपर इजराइल और अमेरिका के हमले के बाद पूरी महीने चली जंग के दौरान का यह आंकड़ा है। माना जा रहा है कि जंग चलती रही तो महंगाई दर औ  र बढ़ेगी।

बहरहाल, महंगाई बढ़ने की सबसे बड़ी वजह खाने पीने की चीजों के दामों का बढ़ना है। खाने पीने की चीजों की महंगाई मार्च में बढ़ कर 3.71 फीसदी पर पहुंच गया। फरवरी में यह आंकड़ा 3.47 फीसदी था। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक ग्रामीण इलाकों की तुलना में शहरों में महंगाई थोड़ी कम रही। ग्रामीण इलाकों की महंगाई दर फरवरी के 3.37 से बढ़कर मार्च में 3.63 फीसदी हो गई, जबकि शहरी महंगाई 3.02 से बढ़कर 3.11 फीसदी पहुंची। यह महंगाई दर के नए फॉर्मूले यानी 2024 बेस ईयर के तहत जारी तीसरा आंकड़ा है। गौरतलब है कि सरकार ने नए फॉर्मूले में खाने पीने की चीजों का वजन पहले के 45.9 से घटा कर 36.75 फीसदी कर दिया है, जबकि हाउसिंग और बिजली, गैस का वेटेज बढ़ा दिया गया है।

Exit mobile version