Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

राहुल की टिप्पणी पर विदेश मंत्रालय का बयान

नई दिल्ली। रचनात्मक कांग्रेस के एक कार्यक्रम में भारत की विदेश नीति को लेकर की गई राहुल गांधी की टिप्पणी और इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी के बारे में आपत्तिजनक टिप्पणी पर विदेश मंत्रालय ने बयान जारी किया है। हालांकि विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने राहुल या संदीप दीक्षित का नाम नहीं लिया। किसी का नाम लिए बगैर विदेश मंत्रालय ने विदेशी नेताओं से संबंधित राजनीतिक टिप्पणियों में संयम और सम्मान बरतने का आह्वान किया।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि भारत के इटली के साथ मजबूत संबंध हैं और वह इन संबंधों को और मजबूत करना चाहता है। जायसवाल ने किसी का नाम नहीं लिया। लेकिन, संभवतः उनका इशारा राहुल गांधी की तरह था क्योंकि, एक दिन पहले ही राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विदेश नीति पर तंज किया था।

असल में गुरुवार को दिल्ली में हुए रचनात्मक कांग्रेस के सम्मेलन में राहुल गांधी ने कहा था कि पीएम मोदी की विदेश नीति नेताओं को गले लगाने तक ही सीमित रह गई है। इस दौरान मंच से कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित ने इटली की प्रधानमंत्री मेलोनी का नाम लेकर भी कमेंट किया था। वह टिप्पणी उपयुक्त नहीं थी। लेकिन राहुल ने इसका विरोध नहीं किया, बल्कि हंस कर इसको स्वीकार किया। इसके लिए राहुल और संदीप दीक्षित की चौतरफा आलोचना हो रही है।

Exit mobile version