कोलकाता। पश्चिम बंगाल में पहले चरण के मतदान के अगले दिन एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह चुनाव की कमान संभालते दिखे। मोदी ने शुक्रवार की सुबह हुगली के किनारे लोगों से मुलाकात की और गंगा में नौका विहार किया। उधर अमित शाह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की और पहले चरण में बंपर जीत का दावा किया। अभी तक के प्रचार में मोदी और शाह के साथ साथ बंगाल से बाहर के तमाम नेता इतना खुल कर सामने नहीं आ रहे थे।
प्रधानमंत्री मोदी ने शुक्रवार को दमदम और जादवपुर में रैली भी की। उन्होंने कहा कि तृणमूल कांग्रेस का दिया बुझने वाला है और बुझने से पहले फड़फड़ा रहा है। मोदी ने दावा किया कि बंगाल में परिवर्तन की लहर है। उन्होंने कहा कि पहले चरण की वोटिंग ने इस पर मुहर लगा दी है। मोदी ने महिला आरक्षण पर कहा कि भाजपा बेटियों के सपने कुचलने नहीं देगी। महिलाओं की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता होगी।
इससे पहले अमित शाह ने कोलकाता में प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने कहा कि चार मई को भाजपा की सरकार बनेगी। शाह ने एक बार फिर यह दोहराया कि बंगाल का अगला मुख्यमंत्री यहीं जन्म लेने वाला होगा। बस दीदी का भतीजा नहीं होगा। गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल में गुरुवार को पहले चरण में 152 सीटों पर रिकॉर्ड 93 फीसदी मतदान हुआ है। दूसरे चरण में 29 अप्रैल को मतदान होगा। नतीजे चार मई को आएंगे।
बहरहाल, प्रधानमंत्री मोदी ने बंगाल के दमदम में चुनावी रैली में कहा, ‘लंबे समय से बंगाल में परिवर्तन की जो लहर दिख रही थी, कल पहले चरण की मतदान ने उस पर मुहर लगा दी। टीएमसी ने बंगाल में लोकतंत्र के मंदिर को कुचल दिया था। जनता ने बंगाल के पहले चरण में लोकतंत्र के मंदिर का पुनर्निर्माण कर दिया है। दूसरे चरण में आपको इस लोकतंत्र के मंदिर पर विजय ध्वज फहराना है’। उन्होंने यह भी कहा कि नतीजों के बाद टीएमसी के गुंडों को छिपने की जगह नहीं मिलेगी।
