Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

कांग्रेस, राजद पर मोदी का हमला

NDA Victory Will Break The Record Of Last 20 Years PM Modi

पटना। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक बार फिर बिहार विधानसभा के चुनाव प्रचार में पहुंचे। उन्होंने मुजफ्फरपुर और छपरा में दो चुनावी सभाओं को संबोधित किया और कांग्रेस व राजद दोनों पार्टियों पर जम कर हमला बोला। उन्होंने राहुल गांधी का नाम लिए बगैर उनको निशाना बनाया। छठ को लेकर राहुल गांधी की टिप्पणियों पर भी मोदी ने निशाना साधा। मोदी ने अपने भाषण में जंगल राज की याद दिलाई और मुजफ्फरपुर के चर्चित गोलू अपहरण कांड की कहानी भी लोगों को सुनाई।

प्रधानमंत्री मोदी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस और राजद के लोग बिहारियों का अपमान कर रहे हैं। छपरा में जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, ‘नरेंद्र, नीतीश आपके सपने को पूरा करने में जुटे हैं। वहीं कांग्रेस, राजद वाले बिहार और बिहारियों का अपमान करते हैं’। उन्होंने कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा, ‘तेलंगाना और कर्नाटक में कांग्रेस के नेता बिहारियों को गालियां देते हैं। तमिलनाडु में डीएमके नेता बिहारियों को प्रताड़ित करते हैं। और इस बार के चुनाव में तो कांग्रेस ने सारी हदें पार कर दी है। जिन लोगों ने बिहार को गालियां दीं, उन्हें कांग्रेस ने चुनाव प्रचार के लिए बुलाया’।

प्रधानमंत्री मोदी ने दावा किया कि कांग्रेस जान बूझ कर राजद को नुकसान कर रही है। उन्होंने कहा, ‘ये सोची समझी साजिश के तहत हो रहा है। कांग्रेस चाहती है कि राजद का चुनाव में नुकसान हो, इसलिए उन्हें प्रचार के लिए बुला रही है। ये एक उदाहरण है कि कांग्रेस, राजद की लड़ाई कितनी बड़ी होती जा रही है’। प्रधानमंत्री मोदी ने जंगल राज की याद दिलाते हुए कहा, ‘जंगल राज के नेता आपको लगातार गुमराह कर रहे हैं, आपको लालच दे रहे हैं’। मुजफ्फरपुर में राष्ट्रीय जनता दल के शासन को याद दिलाते हुए प्रधानमंत्री ने उस दौरान हुए अपहरण, हत्याओं का जिक्र किया और कहा, ‘आरजेडी और कांग्रेस वालों की पहचान सिर्फ पांच चीजों से है। कट्‌टा, क्रूरता, कटुता, कुशासन, करप्शन ये जंगल राज की पहचान है’।

मोदी ने मुजफ्फरपुर में कांग्रेस और राजद पर निशाना साधते हुए कहा, ‘हमारी सरकार छठ महापर्व को यूनेस्को की विश्व विरासत की सूची में शामिल कराने की कोशिश में है। एक ओर आपका बेटा छठी मइया की जयकार दुनिया में कराने में लगा है। दूसरी तरफ कांग्रेस, राजद छठी मइया का अपमान कर रहे हैं’। गौरतलब है कि राहुल गांधी ने एक दिन पहले ही अपने भाषण में प्रधानमंत्री पर छठ के नाम पर ड्रामा करने का आरोप लगाया था।

Exit mobile version