Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

त्रिनिदाद के भारतीयों से मिले मोदी

पोर्ट ऑफ स्पेन। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपनी पांच देशों की विदेश यात्रा के दूसरे चरण में के त्रिनिदाद और टोबैगो पहुंचे। वहां उन्होंने शुक्रवार को तड़के भारतीय समुदाय के लोगों को संबोधित किया। उन्होंने त्रिनिदाद एंड टोबैगो की प्रधानमंत्री कमला प्रसाद बिसेसर को ‘बिहार की बेटी’ कहा और उन्हें राम मंदिर का मॉडल और सरयू नदी के जल के साथ साथ प्रयागराज में आयोजित महाकुंभ का जल भी भेंट किया।

प्रधानमंत्री मोदी ने भारतीय समुदाय की यात्रा को साहस की मिसाल बताया। उन्होंने भारतीय प्रवासियों के लिए कहा, ‘वे गंगा और यमुना को पीछे छोड़ आए, लेकिन अपने दिल में रामायण को साथ लाए। उनके योगदान ने इस देश को सांस्कृतिक, आर्थिक और आध्यात्मिक रूप से समृद्ध किया है। वे अपनी मिट्टी छोड़ आए, लेकिन अपने संस्कार नहीं छोड़े। वे सिर्फ प्रवासी नहीं थे, बल्कि एक सभ्यता के दूत थे’। इस मौके पर प्रधानमंत्री मोदी ने ऐलान किया कि भारतीय मूल के लोगों की छठी पीढ़ी को भी ओवरसीज सिटीजन ऑफ इंडिया यानी ओसीआई कार्ड दिया जाएगा।

इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के त्रिनिदाद एंड टोबैगो की राजधानी पोर्ट ऑफ स्पेन पहुंचने पर प्रधानमंत्री कमला परसाद बिसेसर और उनके 38 मंत्रियों और चार सांसदों ने हवाईअड्डे पर उनकी अगवानी की। पोर्ट ऑफ स्पेन के पियार्को इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर भारतीय समुदाय के लोग भी मौजूद थे, जिन्होंने पारंपरिक डांस के साथ प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत किया। 1999 के बाद किसी भी भारतीय प्रधानमंत्री की यह त्रिनिदाद एंड टोबैगो की पहली यात्रा थी।

Exit mobile version