अहमदाबाद। एमएलसी चुनाव को लेकर कांग्रेस पर तंज करने के बाद अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर तंज किया है। अपने गृह प्रदेश गुजरात के दो दिन के दौर पर पहुंचे मोदी ने अपनी यात्रा के पहले दिन बनासकांठा में एक कार्यक्रम में राहुल को निशाना बनाया। उन्होंने आलू से सोना बनाने के एक कथित बयान का जिक्र करते हुए कहा कि बनासकांठा का आलू दुनिया भर में मशहूर है। लेकिन यहां कोई आकर नहीं कहता कि आलू से सोना बनाएंगे।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, ‘बनासकांठा में आकर कोई नहीं कहता कि आलू से सोना बनाएंगे, क्योंकि यहां के लोग पहले ही आलू से सोना बना रहे हैं’। इससे पहले मोदी ने पशुपालन से जुड़ी कई परियोजनाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने बनासकांठा में एक रोड शो भी किया। रोड शो के दौरान लोग तिरंगा हाथ में लेकर खड़े थे और साथ ही बहुत से लोगों ने प्लेकार्ड भी लिया हुआ था, जिस पर लिखा था, ‘मोदी कहीं नहीं जाएगा’। गौरतलब है कि यह बात बिहार में मल्लिकार्जुन खड़गे के एक कार्यक्रम में कांग्रेस के एक कार्यकर्ता ने ही कही थी।
बहरहाल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बनासकांठा के कार्यक्रम के किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त जारी की। इसके तहत 9.34 करोड़ से ज्यादा किसान परिवारों को 18,690 करोड़ रुपए से अधिक की रकम उनके खाते में भेजी जाएगी। प्रधानमंत्री मोदी ने इस दौरान 14 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। साथ ही दो नई ट्रेन सेवाओं को हरी झंडी दिखाई। अपनी गुजरात यात्रा के दूसरे दिन शनिवार को प्रधानमंत्री मोदी एकता नगर में सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर होने वाले राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह में शामिल होंगे।
