Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

मोदी ने बंगाल के लोगों को चिट्ठी लिखी

नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्य के लोगों के नाम एक खुली चिट्ठी लिखी है। उन्होंने इस चिट्ठी में पश्चिम बंगाल में भाजपा की सरकार बनने का भरोसा जताया है। पश्चिम बंगाल के लोगों के नाम हिंदी और बांग्ला भाषा में लिखे इस पत्र में उन्होंने संशोधित नागरिकता कानून यानी सीएए का जिक्र करते हुए घुसपैठ पर लगाम, राज्य के विकास, कानून व्यवस्था की बहाली और कल्याणकारी योजनाओं के जैसे मुद्दों पर अपनी बात रखी है।

प्रधानमंत्री मोदी ने पत्र की शुरुआत जय मां काली से की है। उन्होंने राज्य में भाजपा की सरकार बनने का भरोसा जताते हुए लिखा है, ‘अब बस कुछ ही महीने में पश्चिम बंगाल का भाग्य सुनिश्चित हो जाएगा। आने वाली पीढ़ी का भविष्य किस दिशा में आगे बढ़ेगा, यह आपके सोचे समझे फैसले पर निर्भर करता है’। उन्होंने लिखा, ‘मेरे सोनार बंगाल के सपने देखने वाला हर एक जवान, बूढ़ा और महिलाएं आज बहुत पीड़ा में हैं। उनकी पीड़ा से आज मेरा हृदय भी व्यथित है। इसलिए मैंने मन की गहराइयों से एक संकल्प लिया है, पश्चिम बंगाल को विकसित और समृद्ध बनाने का संकल्प’।

मोदी ने चिट्ठी में आगे लिखा, ‘पिछले 11 वर्षों में देशवासियों के आशीर्वाद को ताकत बना कर मेरी सरकार ने जनकल्याण और समग्र विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। किसानों के कल्याण से लेकर युवाओं के सपनों को साकार करने तक, और मातृशक्ति के सशक्तिकरण से लेकर समाज के हर वर्ग तक, हमारी नीतियों और निरंतर प्रयासों के सकारात्मक परिणाम आज साफ दिखाई दे रहे हैं’। उन्होंने राज्य की ममता बनर्जी सरकार के असहयोग का मुद्दा उठाते हुए कहा, ‘राज्य सरकार के असहयोग और विरोध के बावजूद, आज पश्चिम बंगाल के करीब पांच करोड़ लोग जन धन योजना के माध्यम से बैंकिंग व्यवस्था से जुड़े हैं’। उन्होंने अपनी सरकार की अन्य योजनाओं का भी जिक्र किया।

Exit mobile version