नई दिल्ली। करीब 15 दिन तक एक जगह अटके रहने के बाद दक्षिण पश्चिम मानसून आगे बढ़ा है। मौसम विभाग के मुताबिक बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बनने से मानसून को आगे बढ़ने की ताकत मिली है। सोमवार को मानसून आगे बढ़ा तो दंतेवाड़ा के रास्ते छत्तीसगढ़ में प्रवेश किया। इसके बाद मौसम विभाग ने बस्तर संभाग में तेज बारिश का अलर्ट जारी किया।
आगे बढ़ते ही मानसून ने महाराष्ट्र के भी कई और इलाकों को कवर किया है। इसके 25 जून के बाद मध्य प्रदेश में एंट्री करने की संभावनाएं हैं। उधर तमिलनाडु के थूथूकोडी में रविवार को तेज आंधी आई। इसे पहले टॉरनेडो बताया गया था। हालांकि सोमवार को मौसम विभाग ने कहा कि थूथुकुडी की घटना धूल का बवंडर थी।
कई इलाकों में रविवार से ही बारिश शुरू हो गई। पूर्वोत्तर के मेघालय में भारी बारिश हुई। खासी हिल्स जिले के मॉसिनराम में 24 घंटे में 530 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। बिहार के कुछ हिस्सों में भी तेज आंधी के साथ बारिश हुई है। हालांकि इसे प्री मानसून बारिश कहा जा रहा है।
