Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

पहले पहुंच गया मानसून!

बारिश

नई दिल्ली। मानसून ने मौसम विभाग को मात दे दी। मौसम विभाग ने समय से चार दिन पहले यानी 27 मई तक मानसून केरल पहुंचने की भविष्यवाणी की थी। लेकिन मानसून समय से आठ दिन पहले शनिवार, 24 मई को ही केरल पहुंच गया। केरल में शनिवार को झमाझम बारिश हुई। मौसम विभाग ने बताया है कि 16 साल में पहली बार मानसून इतनी जल्दी आया है। इससे पहले 2009 में मानसून नौ दिन पहले पहुंचा था। पिछले साल मानसून ने 30 मई को केरल में दस्तक दी थी।

गौरतलब है कि मानसून चार दिन से केरल से करीब 50 किलोमीटर दूर अटका था और शुक्रवार की शाम आगे बढ़ा और शनिवार को केरल पहुंच गया। बताया जा रहा है कि शनिवार को देर रात तक या रविवार की सुबह मानसून तमिलनाडु और कर्नाटक के कई इलाकों में पहुंच जाएगा। इसके बाद अगले एक हफ्ते में देश के दक्षिणी और पूर्वोत्तर राज्यों में मानसून की बारिश शुरू हो जाएगा। मौसम विभाग के मुताबिक चार जून तक मानसून मध्य और पूर्वी भारत को पूरी तरह से कवर कर सकता है।

मानसून के केरल पहुंचने के साथ ही देश के कई राज्यों में प्री मानसून बारिश होने लगी है। छत्तीसगढ़ में मौसम विभाग ने बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। छत्तीसगढ़ के आठ जिलों में भारी बारिश हो सकती है। बहरहाल, मौसम विभाग ने इस साल सामान्य बारिश का अनुमान जाहिर किया है। समय से आठ दिन पहले मानसून पहुंचने और दक्षिण पश्चिम मानसून की सामान्य बारिश की भविष्यवाणी देश के किसानों के लिए अच्छी खबर है।

आमतौर पर मानसून एक जून को केरल पहुंचता है और आठ जुलाई तक पूरे देश को कवर कर लेता है। यह 17 सितंबर के आसपास वापस लौटना शुरू करता है और 15 अक्टूबर तक पूरी तरह से वापस चला जाता है। इससे पहले मौसम विभाग ने अप्रैल में कहा था कि 2025 के मानसून सीजन के दौरान अल नीनो की संभावना नहीं है। यानी इस साल सामान्य से ज्यादा बारिश होगी। कम बारिश की आशंका न के बराबर है। 2023 में अल नीनो सक्रिय था, जिसके कारण मानसून सीजन में सामान्य से छह फीसदी कम बारिश हुई थी।

इस बीच देश में 25 मई से नौतपा शुरू हो रहा है, जो दो जून तक रहेगा। इस दौरान भयंकर गर्मी की आशंका रहती है। पिछले साल यानी 2024 में दिल्ली के मुंगेशपुर में नौतपा के दौरान तापमान 52.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था, जो रिकॉर्ड है। बहरहाल, राजस्थान के कई हिस्सों में भीषण गर्मी जारी है। 16 जिलों में 27 मई तक हीटवेव का रेड अलर्ट है। शनिवार को भी 11 जिलों में लू की चेतावनी थी। राज्य के जैसलमेर में शुक्रवार को सबसे ज्यादा 48 डिग्री तापमान रहा था। वैसे मौसम विभाग ने देश के कई राज्यों में आंधी और तेज बारिश का अलर्ट भी जारी किया है।

Exit mobile version