Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

मानसून फिर सक्रिय हुआ, देश भऱ में होगी बारिश

मानसून

नई दिल्ली। बंगाल की खाड़ी में बने नए सिस्टम की वजह से मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। अगले एक हफ्ते में देश के ज्यादातर हिस्सों में बारिश की संभावना है। राजधानी दिल्ली और एनसीआर में भी मौसम बदल रहा है। शुक्रवार को बादलों की लुकाछिपी चलती रही लेकिन मौसम विभाग के मुताबिक शनिवार, 18 जुलाई से बारिश शुरू हो सकती है।

मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली और एनसीआर में अगले कई दिनों तक तेज हवाओं और बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं, जिससे लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम विभाग के मुताबिक देश के 50 से 60 फीसदी हिस्से में फिर बादल छाए दिख रहे हैं। मौसम विभाग ने बताया है कि बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र की वजह से उत्तर प्रदेश, बिहार सहित पूर्वोत्तर में बारिश हो रही है। इन इलाकों में अगले सात दिनों में तेज बारिश का अलर्ट है।

दूसरी ओर एक अन्य रिपोर्ट के मुताबिक भूमध्य रेखा के पास भी एक और सिस्टम एक्टिव हो रहा है। इन दो नए सिस्टम के एक्टिव होने से 20 से 30 जुलाई के बीच मध्य प्रदेश सहित उत्तर और मध्य भारत में बारिश की संभावना है। गौरतलब है कि मानसून पूरे देश में सक्रिय होने के बाद कई पहाड़ी इलाकों में बाढ़ और भूस्खलन देखने को मिला है। अरुणाचल प्रदेश के कई जिले अब भी बाढ़ से प्रभावित हैं। पश्चिम बंगाल में भी हिमालय से जुड़े इलाकों में अगले कुछ दिन तक बारिश की संभावना है।

Exit mobile version