नई दिल्ली। देश के बहुत बड़े हिस्से से मानसून के बादल गायब हो गए हैं। सेटेलाइट तस्वीरों से पता चला है कि शनिवार को देश के 70 फीसदी हिस्से से मानसून के बादल नदारद हो गए हैं। इस बार दक्षिण पश्चिम मानसून के महीने में दूसरी बार ऐसा हुआ है। तभी मौसम विभाग ने कहा है कि मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र सहित देश के कम से कम सात राज्यों में अगले पांच दिन कम बारिश होने की संभावना है।
मौसम विभाग की नई सेटेलाइट तस्वीरों और विंडी डॉटकॉम के मुताबिक बादल पूर्व और पूर्वोत्तर के राज्यों जैसे, उत्तराखंड, यूपी, बिहार, मेघालय, मिजोरम और त्रिपुरा की तरफ चले गए हैं। इधर देश के जिन हिस्सों में मानसून थोड़ा बहुत सक्रिय है, वहां सड़कों पर पानी भरने, नदियों में बाढ़ आने जैसी घटनाएं हो रही हैं। उत्तर प्रदेश के हापुड़ में तेज बारिश से अंडरपास में पानी भर गया। बिजनौर में गंगा और उसकी सहायक मालन नदी उफान पर है। प्रदेश में तीन दिन में 15 लोगों की मौत हो चुकी है।
इस बीच शनिवार को राजधानी दिल्ली सहित कई राज्यों में अधिकतम तापमान बढ़ गया। मौसम विभाग ने कहा है कि अगले कुछ दिनों तक आसमान में बादल छाए रहने लेकिन कोई खास बारिश नहीं होगी। उधर राजस्थान के कई इलाकों में तापमान 42 डिग्री पहुंच गया है। शनिवार को सबसे ज्यादा तापमान श्रीगंगानगर में दर्ज किया गया।
