Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

पूरे देश में पहुंचा मानसून

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में आखिरकार मानसून पहुंचा। रविवार की शाम को दिल्ली के लगभग सभी इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। इसके बाद मौसम विभाग ने कहा कि दक्षिण पश्चिम मानसून पूरे देश में पहुंच गया। दिल्ली को छोड़ कर देश के बाकी हिस्सों में मानसून पहले ही पहुंच गया था। मौसम विभाग ने बताया है कि आमतौर पर मानसून आठ जुलाई तक पूरे देश में पहुंचता है, लेकिन इस बार नौ दिन पहले ही पूरे देश में फैल गया।

मौसम विभाग ने रविवार को सुबह ही देश भर में बारिश होने का अलर्ट जारी किया था। इसमें दिल्ली में भी बारिश का अलर्ट जारी किया गया था। रविवार की शाम को दिल्ली और एनसीआर के कई इलाकों में बारिश हुई और ऐसा मानसून के पूरी तरह सक्रिय होने की वजह से हुआ।  हरियाणा के बचे हुए जिलों में भी रविवार को मानसून पहुंच गया। इस बीच, बारिश के चलते फरीदाबाद में बिजली के तार टूटकर सड़क पर गिर गए, इसकी चपेट में स्कूटी सवार दो महिलाएं आ गईं। इनमें एक की मौत हो गई, जबकि दूसरी गंभीर है।

उत्तर प्रदेश के मथुरा, लखनऊ, वाराणसी सहित 25 शहरों में बारिश हो रही है। फर्रुखाबाद में इतनी बारिश हुई है कि इटावा-बरेली हाईवे पर पानी भर गया है। राज्य में पिछले 24 घंटे में बाढ़ और बिजली गिरने से 11 लोगों की मौत हो गई है। उधर ओडिशा सरकार ने रविवार को बालासोर जिला प्रशासन को हाई अलर्ट पर रखा है, क्योंकि क्षेत्र की कई प्रमुख नदियां उफान पर हैं। अधिकारी ने चेतावनी दी है, बुधबलंग, सुवर्णरेखा, जलाका और सोनो सहित नदियों में जल स्तर बढ़ रहा है और सोमवार तक बाढ़ आ सकती है। झारखंड के जमशेदपुर में लव कुश आवासीय स्कूल में बारिश के बाद बाढ़ जैसे हालात बन गए। स्कूल में 162 बच्चे फंस गए। सोशल मीडिया से जानकारी मिलने के बाद जमशेदपुर पुलिस ने बच्चों को बचाया।

Exit mobile version