दुबई। इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने शनिवार को भारतीय पायलट स्मित मच्छार से फोन पर बात की और फ्लाईदुबई के विमान को दुर्घटनाग्रस्त करने की सह-पायलट की कथित साजिश नाकाम करने के लिए उन्हें इजराइल, भारत और पूरी दुनिया का ‘नायक’ बताया। उन्होंने मच्छार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इजराइल के स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह में मशाल प्रज्वलित करने के लिए आमंत्रित भी किया।
कैप्टन मच्छार पर बुधवार को फ्लाईदुबई की उड़ान एफजेड1073 के कॉकपिट में उनके सह-पायलट ने हमला किया था, जिसमें वे गंभीर रूप से घायल हो गए। उस समय विमान दुबई से तेल अवीव जा रहा था।
नेतन्याहू ने संयुक्त अरब अमीरात के एक अस्पताल में उपचार करा रहे 38 वर्षीय भारतीय पायलट से बात कर उनका हालचाल जाना। ‘लाउडस्पीकर मोड’ पर हुई इस बातचीत की एक वीडियो क्लिप सोशल मीडिया पर भी साझा की गई।
कैप्टन मच्छार से बातचीत में नेतन्याहू ने कहा, ‘यह हमारे लिए सबसे बड़ा सम्मान है, जो हम अपने स्वतंत्रता दिवस पर प्रदान करते हैं। आमतौर पर यह केवल इजराइल के नागरिकों के लिए है, लेकिन मुझे लगता है कि इस मामले में इजराइल का हर नागरिक आपका सम्मान करेगा। हम उम्मीद करते हैं कि आप जल्द ही इजराइल आएंगे।’
इजराइल के स्वतंत्रता दिवस को ‘योम हाअत्जमाउत’ कहा जाता है। यह हिब्रू कैलेंडर के इयार महीने की पांचवीं तारीख को मनाया जाता है, जो अप्रैल के अंत या मई की शुरुआत में पड़ती है।
इजराइल के प्रधानमंत्री कार्यालय ने शनिवार को ‘एक्स’ पर पोस्ट में कहा, ‘आप इजराइल, भारत और पूरी दुनिया के नायक हैं। मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं आपको इजराइल के स्वतंत्रता दिवस पर मशाल प्रज्वलित करने के लिए आमंत्रित करता हूं।’
