नई दिल्ली। इजराइल में होने वाले राष्ट्रीय चुनावों से पांच दिन पहले प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को फोन किया। नेतन्याहू ने मोदी को इजराइल के स्वतंत्रता दिवस के मौके पर मशाल जलाने के लिए आमंत्रित किया है। गौरतलब है कि हर साल 12 मई को इजराइल के स्वतंत्रता दिवस के मौके पर एक बड़ा कार्यक्रम होता है। प्रधानमंत्री मोदी ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट के लिख कर इस बातचीत की जानकारी दी।
नेतन्याहू ने मोदी से बातचीत के बाद एक्स पर जानकारी देते हुए मोदी को अपना मित्र बताया। नेतन्याहू ने कहा कि, मोदी ने निमंत्रण के लिए उनका धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि भारत और इजराइल आतंकवाद के खिलाफ मिलकर लड़ते हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने भी दोनों देशों के बीच लंबे समय से चले आ रहे संबंधों की भी सराहना की। मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बताया कि दोनों नेताओं ने पश्चिम एशिया के हालिया हालात पर चर्चा की और क्षेत्र में शांति व स्थिरता बहाल करने की तत्काल जरूरत पर जोर दिया।
गौरतलब है कि नेतन्याहू ने इससे पहले फ्लाईदुबई के भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार से फोन पर बात की थी। उन्होंने स्मित को भारत और इजराइल के लोगों का हीरो बताया था और उन्हें इजराइल आने का न्योता दिया था। उस बातचीत में नेतन्याहू ने कहा था कि वे स्मित और अपने मित्र नरेंद्र मोदी को इजराइल के अगले स्वतंत्रता दिवस समारोह में मशाल जलाने के लिए आमंत्रित करना चाहते हैं। अब उन्होंने मोदी से सीधे बात कर इस निमंत्रण का जिक्र किया है। गौरतलब है कि 30 सितंबर को दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट एफजेड 1073 में ओमानी को पायलट हमाद अल हमामी ने भारतीय कैप्टन स्मित मच्छर पर क्रैश एक्स यानी कुल्हाड़ी से हमला कर दिया था और विमान को हाईजैक करके उसे गिराने का प्रयास किया था। कैप्टेन मच्छार ने उसके मंसूबे विफल कर दिए थे।
