Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

निहंग सिख ने किया सुखबीर बादल पर हमला

Nanded [Maharashtra], Aug 13 (ANI): Punjab Former Deputy Chief Minister Sukhbir Singh Badal rushes to a hospital after being attacked by a Nihang inside a Gurudwara, in Nanded on Thursday. He has sustained injuries to his hand. (ANI Video Grab)

मुंबई। शिरोमणी अकाली दल के प्रमुख सुखबीर बादल पर एक बार फिर हमला हुआ है। इस बार हमला महाराष्ट्र के नांदेड़ में हुआ, जहां सुखबीर बादल गुरुद्वारा माता साहिब कौर में माथा टेकने गए थे। वहां एक निहंग सिख ने उनके ऊपर कृपाण से हमला किया। इस हमले में बादल के हाथ में चोट लगी है। हमले के दौरान उनकी सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मी भी घायल हो गया।

घटना करीब दो बजे दिन में हुई। पुलिस ने हमले के आरोपी निहंग जसपाल सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। बताया गया है कि सुखबीर बादल परिवार के साथ नांदेड़ के गुरुद्वारे में माथा टेकने पहुंचे थे। हमले के बाद उन्हें यशोसाईं अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सुखबीर बादल की सांसद पत्नी हरसिमरत कौर बादल को फोन कर सुखबीर का हाल जाना।

गौरतलब है कि इससे पहले सुखबीर बादल पर चार दिसंबर 2024 को स्वर्ण मंदिर में हमला हुआ था। उस समय वे सेवादार की धार्मिक सजा भुगत रहे थे। उनके ऊपर उस समय फायरिंग हुई थी। बहरहाल, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस ने नांदेड़ के पुलिस अधीक्षक से बात की और सुखबीर सिंह बादल पर हुए हमले की जांच के आदेश दिए। हमलावर को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

राज्य के उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने भी सुखबीर बादल की पत्नी हरसिमरत कौर से फोन पर बात की। उन्होंने माना कि सुरक्षा में चूक हुई है। साथ ही उन्होंने हरसिमरत कौर से कहा कि जो भी इसमें दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। बाद में बताया गया कि यह बादल का निजी दौरा था। इसके बारे में स्थानीय प्रशासन को कोई सूचना नहीं दी गई थी। हालांकि, उनके पास व्यक्तिगत रूप से जेड प्लस सुरक्षा मिली हुई है, इसलिए स्थानीय पुलिस उनकी सुरक्षा में तैनात थी। गौरतलब है कि अगले साल पंजाब में विधानसभा के चुनाव होने वाले हैं।

Exit mobile version