Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

नितिन नबीन निर्विरोध अध्यक्ष बने

नई दिल्ली। नितिन नबीन भारतीय जनता पार्टी के नए अध्यक्ष चुन लिए गए हैं। उनका चुनाव निर्विरोध हुआ है। वे पार्टी के 12वें और सबसे युवा अध्यक्ष होंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव कार्यक्रम के मुताबिक सोमवार को दो से चार बजे तक नामांकन दाखिल किया जाना था। इस दौरान अकेले नितिन नबीन का नामांकन दाखिल हुआ। उनके समर्थन में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, प्रदेश कमेटियों आदि की ओर से कुल 37 सेट नामांकन दाखिल किया गया। राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में उनके नाम का औपचारिक ऐलान मंगलवार को होगा।

सोमवार को दीनदयाल उपाध्याय मार्ग पर भाजपा मुख्यालय में नामांकन की प्रक्रिया हुई। राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव के लिए नियुक्त चुनाव अधिकारी डॉ. के लक्ष्मण ने कहा, ‘इस पद के लिए केवल नितिन नबीन का ही नाम प्रस्तावित हुआ है’। उन्होंने बताया कि नितिन नबीन के समर्थन में कुल 37 सेट नामांकन पत्र दाखिल किए गए। नामांकन पत्रों की जांच की गई, जिसमें सभी वैध पाए गए। अब नितिन के नाम का औपचारिक ऐलान 20 जनवरी को किया जाएगा।

सोमवार को हुई नामांकन की प्रक्रिया के दौरान रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय मंत्री और निवर्तमान अध्यक्ष जेपी नड्डा, नितिन गडकरी सहित सभी राज्यों के मुख्यमंत्री और वरिष्ठ नेताओं ने नितिन नबीन के समर्थन में नामांकन पत्र जमा किया। गौरतलब है कि भाजपा ने 16 जनवरी को राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए अधिसूचना जारी की थी। इससे पहले नितिन नबीन को 14 दिसंबर 2025 को पार्टी का कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया था।

भाजपा में अब तक 11 नेता राष्ट्रीय अध्यक्ष रह चुके हैं। इनमें लालकृष्ण आडवाणी तीन बार अध्यक्ष बने, जबकि राजनाथ सिंह ने दो बार यह जिम्मेदारी संभाली। नितिन नबीन सबसे युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष बने हैं। उनकी उम्र 45 साल है। अटल बिहारी वाजपेयी भाजपा के पहले राष्ट्रीय अध्यक्ष थे। वे लगातार दो बार अध्यक्ष रहे। उनके बाद आडवाणी भी दो कार्यकाल के लिए अध्यक्ष बने। उसके बाद डॉक्टर मुरली मनोहर जोशी अध्यक्ष बने थे।

Exit mobile version