Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

नितिन नबीन भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष बने

नई दिल्ली। भाजपा ने बिहार सरकार के मंत्री नितिन नबीन को राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाया है। उनकी उम्र 45 साल है और वे पटना की बांकीपुर सीट से लगातार चौथी बार जीते हैं। उससे पहले 2006 में अपने पिता नवीन किशोर सिन्हा के निधन के बाद खाली हुई पटना पश्चिम सीट से उपचुनाव में पहली बार विधायक बने थे। रविवार को भाजपा के महासचिव अरुण सिंह ने कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष के तौर पर उनकी नियुक्ति का पत्र जारी किया, जिसमें बताया गया है कि भाजपा संसदीय बोर्ड ने उनके नाम का फैसला किया है।

गौरतलब है कि जेपी नड्डा 20 जनवरी 2020 को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बने थे। उनका तीन साल का कार्यकाल 2023 में पूरा हो गया। उसके बाद से वे सेवा विस्तार पर हैं। माना जा रहा है कि एक महीने का खरमास समाप्त होने के बाद अगले 14 जनवरी के बाद नितिन नबीन को राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया जाएगा। अगर वे राष्ट्रीय अध्यक्ष बनते हैं तो सबसे युवा अध्यक्ष होंगे। ध्यान रहे जेपी नड्डा भी जून 2019 में कार्यकारी अध्यक्ष बने थे और अगले साल जनवरी मे पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बने।

बहरहाल, कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद पहली प्रतिक्रिया में नितिन नबीन ने कहा कि बहुत बड़ी जिम्मेदारी मिली है और सबको साथ लेकर चलना है। कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष की घोषणा के बाद नितिन नबीन पटना में वीरचंद पटेल मार्ग पर स्थिति पार्टी कार्यालय पहुंचे, जहां उनका भव्य स्वागत हुआ। राज्य के दोनों उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा इस मौके पर मौजूद थे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नितिन नबीन को बधाई देते हुए सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, ‘नितिन नबीन ने मेहनती कार्यकर्ता के तौर पर अलग पहचान बनाई है। वे युवा और परिश्रमी नेता हैं, जिनके पास समृद्ध संगठनात्मक अनुभव है। बिहार में वे कई कार्यकालों तक विधायक और मंत्री के रूप में सेवाएं दे चुके हैं। उन्हें राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनने की बधाई’। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भी नितिन नबीन को नई जिम्मेदारी के लिए बधाई और शुभकामना दी।

Exit mobile version