Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

नितिन नबीन का पटना में भव्य स्वागत

पटना। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नबीन पहली बार पटना पहुंचे। पटना में उनका भव्य स्वागत हुआ। उन्होंने मिलर स्कूल में एक रैली को भी संबोधित किया। उससे पहले पटना के जयप्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डो से उन्होंने एक रोड शो भी किया, जिसमें दोनों उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा के साथ प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी भी थे।

मिलर हाई स्कूल के मैदान में भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए नितिन नबीन ने राहुल गांधी पर हमला किया। उन्होंने कहा, ‘राहुल गांधी की तरह पार्ट टाइम पॉलिटिक्स नहीं करना है। बिहार की जनता ने राहुल को ऐसे भगाया कि जर्मनी में बस गए। जर्मनी की जमीन पर जाकर वे देश को गाली दे रहे हैं। देश में रहकर देश को गाली देते हैं। ऐसे लोगों को चोट देने का समय आ गया है’। उन्होंने तेजस्वी यादव को भी निशाना बनाया और कहा, ‘बिहार में भी एक पार्ट टाइम पॉलिटिशियन है। चुनाव हारते हैं तो विदेश घूमने चले जाते हैं’। उन्होंने दावा किया कि बिहार के बाद बंगाल और केरल भी जीतेंगे।

नितिन नबीन ने पटना एयरपोर्ट से रोड शो की शुरुआत की तो बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे। भाजपा ने उनके स्वागत के लिए हाथी, ऊंट और घोड़े का इंतजाम किया था। रोड शो करते हुए वे राजवंशी नगर के हनुमान मंदिर में पहुंचे जहां उन्होंने पूजा की। उनके रोड शो की वजह से पटना के कई इलाकों में लंबा जाम लगा रहा।

Exit mobile version