नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट ने पश्चिम बंगाल में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर से जुड़ी अपीलों पर फिलहाल सुनवाई नहीं करने का फैसला किया है। बंगाल के मामले पर पहले सुनवाई की मांग की गई थी, जिससे अदालत ने इनकार कर दिया है। सुप्रीम कोर्ट ने इस पर सुनवाई के लिए पांच अक्टूबर की तारीख तय की है। पहले इस पर 29 सितंबर को सुनवाई होनी थी।
गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल की रेजिनगर और नंदीग्राम सीट पर छह अक्टूबर को उपचुनाव होना है। उससे एक दिन पहले सुप्रीम कोर्ट पश्चिम बंगाल के एसआईआर से जुड़े मामले में सुनवाई करेगी। सोमवार को चीफ जस्टिस सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्य बागची और जस्टिस वी मोहना की बेंच ने कहा कि इस मामले पर पांच अक्टूबर को सुनवाई होगी। जल्दी सुनवाई की मांग करते हुए इस बात का हवाला दिया गया था कि सुप्रीम कोर्ट की ओर से गठित कराए गए न्यायाधिकरणों के सामने बड़ी संख्या में आवेदन अब भी लंबित हैं।
