नई दिल्ली। पहाड़ों पर बर्फबारी और ठंडी हवा की वजह से पूरे उत्तर भारत में ठंड की वापसी हुई है। कई इलाकों में घना कोहरा छाया रह रहा है। मौसम विभाग का कहना है कि दो तीन दिन तक ऐसे हालात रहेंगे। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से भी ऐसा हो रहा है। शनिवार की सुबह राजधानी दिल्ली और एनसीआर के ज्यादातर इलाकों के साथ साथ उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़, राजस्थान, मध्य प्रदेश और हिमाचल के कई जिलों में घना कोहरा छाया रहा।
राजधानी दिल्ली में शनिवार को न्यूनतम तापमान चार डिग्री तक रिकॉर्ड किया गया। उधर उत्तर प्रदेश के चार जिलों में भी तापमान चार से आठ डिग्री के बीच रहा। मध्य प्रदेश के पांच, पंजाब के चार, हरियाणा के तीन और राजस्थान व बिहार के एक-एक जिले में, शनिवार सुबह का तापमान चार से आठ डिग्री के बीच रहा। जम्मू कश्मीर और उत्तराखंड के ऊंचाई वाले पहाड़ी इलाकों में शनिवार को भी बर्फबारी हुई।
उत्तराखंड में बर्फबारी की वजह से पिथौरागढ़ में भारत, नेपाल, चीन बॉर्डर के पास तापमान माइनस 35 डिग्री तक गिर गया। आंखों पर पानी जमने की वजह से सीमावर्ती कालापानी इलाके में सशस्त्र सीमा बल के जवान स्पेशल ग्लास लगाकर चीन बॉर्डर पर गश्त कर रहे थे। इस इलाके में नदी, नाले और झरने जम गए हैं।
जम्मू कश्मीर में तेज सर्दी के 40 दिन का फेज जिसे चिल्लई कलां कहते हैं वह 30 जनवरी को खत्म हो गया है। इसके बाद जम्मू कश्मीर में कई इलाकों में रात के न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी हुई है। शुक्रवार को श्रीनगर का तापमान जीरो से बढ़ कर 1.30 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। ये गुरुवार रात को माइनस 0.6 डिग्री था। मैदानी इलाकों में यूपी के लखनऊ, कानपुर, आगरा, बरेली, गाजियाबाद सहित 30 जिले घने कोहरे की चपेट में था। कोहरे के कारण 11 गाड़ियां टकराईं।
