Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

अब राहुल के विदेश जाने का विवाद

Rahul Gandhi

नई दिल्ली। पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन के बाद से भाजपा और कांग्रेस के बीच शुरू हुई जुबानी जंग खत्म नहीं हो रही है। अब भाजपा ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर इस बात के लिए हमला किया है कि वे शोक की अवधि में छुट्टी मनाने विदेश चले गए हैं। भाजपा की आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय ने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ‘जब पूरा देश पूर्व पीएम के निधन पर शोक मना रहा है, तब राहुल नए साल का जश्न मनाने वियतनाम चले गए। राहुल ने डॉ. सिंह की मौत का राजनीतिकरण किया और राजनीति के लिए उसका फायदा उठाया। गांधी परिवार और कांग्रेस सिखों से नफरत करते हैं। यह कभी न भूलें कि इंदिरा गांधी ने दरबार साहिब को अपवित्र किया था’।

इसका जवाब देते हुए कांग्रेस सांसद मणिकम टैगोर ने कहा, ‘संघी लोग ध्यान भटकाने की राजनीति कब बंद करेंगे? जिस तरह से मोदी ने डॉ. साहब को यमुना तट पर अंतिम संस्कार के लिए जगह देने से इनकार कर दिया और उनके मंत्रियों ने डॉ. साहब के परिवार को किनारे लगाया, वह शर्मनाक है। अगर राहुल निजी यात्रा पर हैं, तो आपको क्या परेशानी है’?

इससे पहले अमित मालवीय ने रविवार को आरोप लगाया था कि डॉ. मनमोहन सिंह के अस्थि विसर्जन में कांग्रेस और गांधी परिवार का कोई भी नेता नहीं पहुंचा। इसका भी सोमवार को कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने जवाब दिया। उन्होंने कहा, ‘परिवार की प्राइवेसी का ध्यान रखते हुए कांग्रेस पार्टी का कोई भी नेता अस्थि विसर्जन में शामिल नहीं हुआ’। उन्होंने कहा, ‘डॉ. मनमोहन सिंह के अंतिम संस्कार के बाद सोनिया जी और प्रियंका जी ने उनके परिवार से मुलाकात की। बातचीत में महसूस हुआ कि अंतिम संस्कार में परिवार को प्राइवेसी नहीं मिली। परिवार के कुछ सदस्य चिता स्थल पर भी नहीं पहुंच सके। अस्थि विसर्जन भावनात्मक रूप से कठिन समय होता है, इसलिए हमने परिवार की प्राइवेसी का ख्याल रखा’।

Exit mobile version