नई दिल्ली। मेडिकल में दाखिले के लिए हुई नीट की परीक्षा रद्द होने के बाद विपक्षी पार्टियों ने सरकार पर बड़ा हमला किया है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने 22 लाख से ज्यादा छात्रों की मेहनत, त्याग और सपनों को भ्रष्ट भाजपाई व्यवस्था ने कुचल दिया। राहुल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री का अमृतकाल देश के लिए विषकाल बन गया है। राहुल के अलावा आम आदमी पार्टी के नेता अरविंद केजरीवाल ने वीडियो बना कर सरकार पर हमला किया तो सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी सरकार को निशाना बनाया।
राहुल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, ‘देश के युवाओं के सामने एक गंभीर बात रखना चाहता हूं। एक काम कीजिए खुद गूगल कीजिए और देखिए की नीट 2024 की भयंकर चोरी के दौरान एनटीए का डीजी कौन था, और मोदी सरकार ने उसे आज कहां बैठाया है’? राहुल ने आरोप लगाया कि भाजपा विद्यार्थियों के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों को इनाम देती है, तरक्की देती है।
राहुल ने कहा, ‘मोदी जी और भाजपा आपके भविष्य की चोरी में साझेदार हैं। जिस बाजार में आपकी मेहनत, आपके सपने नीलाम हो रहे हैं, उसका एक ही उसूल है कि जितनी बड़ी चोरी, उतना बड़ा इनाम’। गौरतलब है कि 2024 में नीट पेपर लीक के समय सुबोध कुमार सिंह एनटीए के डीजी थे। उस समय वे छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रधान सचिव हैं।
बहरहाल, दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के नेता ने एक वीडियो संदेश जारी करके कहा कि पेपर लीक मामलों में राजनीतिक संरक्षण है और पिछले नौ साल में नीट का पेपर चार बार लीक हुआ, लेकिन किसी भी आरोपी को सजा नहीं मिली। उन्होंने कहा कि पेपर लीक यूं ही नहीं होता, इसमें ऊपर तक के लोगों की मिलीभगत होती है।
