लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले एआईएमआईएम के नेता असदुद्दीन ओवैसी और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के बीच गठबंधन हो गया गया है। ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद ने लखनऊ में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस करके गठबंधन का ऐलान किया। नए मोर्चे का नाम सामाजिक परिवर्तन मोर्चा रखा गया है। यह मोर्चा सभी 403 सीटों पर चुनाव लड़ेगा। ओवैसी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में चंद्रशेखर को मुख्यमंत्री पद का दावेदार घोषित किया।
गठबंधन की घोषणा के बाद दोनों नेताओं ने कहा कि भाजपा को रोकने के लिए उनका मोर्चा मजबूत विकल्प बनेगा। सांसद चंद्रशेखर ने कहा कि यह तीसरा मोर्चा नहीं, बल्कि पहला मजबूत मोर्चा होगा। उन्होंने कहा कि पहले उन्होंने बड़े गठबंधन में शामिल होने की कोशिश की, लेकिन उन्हें कमजोर समझा गया। उधर, सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा, “हम ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ का स्वागत करते हैं। समाज के स्तर पर परिवर्तन होना ही चाहिए”।
गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश में मुस्लिम आबादी 19 फीसदी और दलित आबादी 21 फीसदी है। 40 फीसदी के इस वोट बैंक पर गठबंधन की नजर है। यह गठबंधन अगर अच्छा प्रदर्शन करता है तो समाजवादी पार्टी और बसपा दोनों को नुकसान हो सकता है। हालांकि सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, “समाज के स्तर पर परिवर्तन होना ही चाहिए। लेकिन, सच में सफलता तभी मिलेगी जब ‘राजनीतिक परिवर्तन मोर्चा’ सक्रिय होगा। पीडीए समाज के भले के लिए जो भी साम्प्रदायिक ताकतों से सच में लड़ेगा, उसकी ईमानदार आवाज अवाम तक पहुंचाने में हम सहयोग करेंगे”।
