नई दिल्ली। भारतीय वायु सेना ने पिछले साल मई में ऑपरेशन सिंदूर के दौरान बहावलपुर में आतंकवादी संगठन जैश ए मोहम्मद का मरकज सुभानअल्लाह हेडक्वार्टर तबाह कर दिया था। लेकिन अब यह फिर से बन कर तैयार हो गया है। पाकिस्तान की सरकार ने अपने पैसे से आतंकवादियों के इस ठिकाने की मरम्मत कराई है और इसे नया बनवाया है।
एक मीडिया रिपोर्ट में दावा किया गया है कि इसको दोबारा बनाने में 15 महीने लगे। ‘इंडिया टुडे’ रिपोर्ट में दावा किया गया कि मरकज सुभानअल्लाह के टे हुए गुंबद फिर बना दिए गए हैं, नया संगमरमर और प्लास्टर लगाया गया है। नया पेंट भी किया गया है। दीवारों समेत पूरी इमारत की मरम्मत कर की गई है।
गौरतलब है कि पिछले साल छह और सात मई की दरम्यानी रात को ऑपरेशन सिंदूर शुरू हुआ था, जो तीन दिन चला था। इसमें आतंकवादी संगठन जैश के इस ठिकाने को काफी नुकसान पहुंच था। इससे पहले 22 अप्रैल 2025 को कश्मीर के पहलगाम में आतंकवादियों ने हमला किया था और धर्म पूछ कर 26 लोगों की हत्या कर दी थी। इसके बाद भारत ने जवाबी कार्रवाई की।
बहरहाल, रिपोर्ट में बताया गया है कि पाकिस्तान सरकार ने जैश ए मोहम्मद को अपने ठिकाने की मरम्मत के लिए 25 करोड़ पाकिस्तानी रुपए दिए। मदरसा अल सबीर और जैश कमांडरों के रहने के लिए इस्तेमाल होने वाले एरिया का भी दोबारा निर्माण भी किया जा रहा है।
