Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

टर्बुलेंस में फंसे विमान के पायलट हटाए गए

नई दिल्ली। फुकेट से दिल्ली आ रहा एयर इंडिया का जो विमान टर्बुलेंस में फंस गया था और अचानक तीन सौ फीट नीचे गिर गया था, उसके पायलटों को अभी ड्यूटी से हटा दिया गया है। जानकार सूत्रों का कहना है कि विमान के कैप्टेन का डोप टेस्ट स्पष्ट नहीं है और उसकी और जांच की जरुरत है। नागरिक विमानन मंत्रालय ने इसे एक गंभीर मामले के रूप में देखा है और उचित जांच की बात कही है। घटना के बाद नियमों के तहत दोनों पायलटों का साइकोएक्टिव सब्सटेंस स्क्रीनिंग टेस्ट किया गया। कैप्टन के टेस्ट में ऐसा रिजल्ट आया, जिसके लिए दोबारा पुष्टि करने वाला टेस्ट जरूरी है।

तभी विमान के कैप्टन का सैंपल अधिकृत लैब भेज दिया गया है, जहां से फाइनल रिपोर्ट आने का इंतजार हो रहा है। हालांकि इसका मतलब यह नहीं है कि पायलट निश्चित रूप से नशे में था। अंतिम पुष्टि लैब की रिपोर्ट के बाद ही होगी। इस घटना को गंभीर विमानन घटना के रूप में दर्ज किया गया है। मामले की जांच एविएशन एक्सीडेंट ब्यूरो यानी एएआईबी कर रहा है। जांच पूरी होने और टेस्ट की अंतिम रिपोर्ट आने तक दोनों पायलटों को नागरिक विमानन महानिदेशालय यानी डीजीसीए ने ड्यूटी से हटा दिया है।

इस मामले में आगे की कार्रवाई जांच और कन्फर्मेटरी टेस्ट के नतीजों के आधार पर होगी। इस बीच डीजीसीए ने कहा है कि विमान सुरक्षा के सर्वोच्च मानकों को बनाए रखा जाएगा। घटना की पूरी जांच की जाएगी और नियमों के अनुसार जरूरी कार्रवाई की जाएगी। जांच में यह देखा जा रहा है कि पायलटों ने टर्बुलेंस की स्थिति को सही तरीके से संभाला या नहीं? यह भी जांच हो रही है कि टर्बुलेंस मौसम की वजह से हुआ या किसी अन्य कारण से। गौरतलब है कि टर्बुलेंस के बाद विमान को सुरक्षित दिल्ली हवाईअड्डे पर उतार लिया गया था। इसमें एक दर्जन से ज्यादा यात्री घायल हुए थे।

Exit mobile version