Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

मोदी ने पुतिन को फोन लगाया

रूस

नई दिल्ली। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के भारत पर 50 फीसदी टैरिफ लगाने के बाद भारत ने रूस, चीन और ब्राजील के प्रति सद्भाव दिखाना शुरू किया है। ब्राजील के राष्ट्रपति लूला डी सिल्वा से फोन पर बातचीत के एक दिन बाद शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को फोन किया। दोनों के बीच दोपक्षीय संबंधों को लेकर चर्चा हुई और प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्रपति पुतिन को भारत आने का न्योता दिया। राष्ट्रपति पुतिन ने यूक्रेन के साथ चल रहे युद्ध के बारे में भी मोदी को बताया।

टेलीफोन पर हुई बातचीत में रूसी राष्ट्रपति ने यूक्रेन युद्ध से जुड़े हाल के घटनाक्रमों की प्रधानमंत्री को जानकारी दी। इस पर प्रधानमंत्री ने युद्ध के शांतिपूर्ण समाधान के लिए भारत के मजबूत रुख को दोहराया। दोनों नेताओं ने भारत व रूस की विशेष साझेदारी को और मजबूत  करने की प्रतिबद्धता दोहराई। इस बातचीत के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्रपति पुतिन को इस साल के अंत में 23वें भारत-रूस सालाना शिखर सम्मेलन के लिए भारत आने का न्योता दिया।

पुतिन से हुई बातचीत की जानकारी प्रधानमंत्री मोदी ने खुद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर दी। उन्होंन एक्स पर पोस्ट में लिखा, ‘मेरे मित्र राष्ट्रपति पुतिन के साथ बहुत अच्छी और विस्तृत बातचीत हुई। मैंने यूक्रेन पर नवीनतम घटनाक्रम साझा करने के लिए उनका धन्यवाद किया। हमने अपने दोपक्षीय एजेंडे में प्रगति की भी समीक्षा की और भारत-रूस विशेष व विशेषाधिकार प्राप्त रणनीतिक साझेदारी को और गहरा करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई’। उन्होंने लिखा, ‘मैं इस वर्ष के अंत में राष्ट्रपति पुतिन की भारत में मेजबानी के लिए उत्सुक हूं’।

गौरतलब है कि एक दिन पहले ही भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोवाल ने गुरुवार को मॉस्को यात्रा के दौरान क्रेमलिन में राष्ट्रपति पुतिन से मुलाकात की थी। यह मुलाकात सुरक्षा, आर्थिक और ऊर्जा सहयोग पर दोपक्षीय वार्ता के लिए हुई। रूसी सरकारी मीडिया स्पूतनिक ने एक वीडियो जारी किया, जिसमें डोवाल ने भारत और रूस संबंधों को ‘बेहद खास’ बताया और दोनों देशों के बीच लंबे समय से चली आ रही रणनीतिक साझेदारी पर जोर दिया। डोवाल ने कहा, ‘हमारा रिश्ता बहुत खास और पुराना है। हम अपनी रणनीतिक साझेदारी को बहुत महत्व देते हैं। हमें राष्ट्रपति पुतिन की भारत यात्रा की खबर से बहुत खुशी है। तारीखें लगभग तय हो चुकी हैं’।

गुरुवार को ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ब्राज़ील के राष्ट्रपति लूला डी सिल्वा फ़ोन आया। दोनों नेताओं ने व्यापार, प्रौद्योगिकी, ऊर्जा, रक्षा, कृषि, स्वास्थ्य और लोगों के बीच संबंधों में सहयोग बढ़ाने पर बातचीत की और सहमति जताई। दोनों ने भारत और ब्राज़ील की रणनीतिक साझेदारी को नई ऊंचाइयों पर ले जाने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। गौरतलब है कि ब्राजील के ऊपर भी राष्ट्रपति ट्रंप ने भारी भरकम टैरिफ लगाया है और लूला ने एक तरह से ट्रंप को चुनौती देते हुए कहा था कि वे उनसे बात नहीं करेंगे, बल्कि मोदी से बात करेंगे। इसके बाद उन्होंने मोदी को फोन लगाया था।

Exit mobile version