गुवाहाटी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी असम यात्रा के दूसरे दिन रविवार को भी कांग्रेस पर जम कर हमला किया। उन्होंने शनिवार को कही गई अपनी बात को दोहराते हुए कहा कि कांग्रेस ने ही घुसपैठियों को बसाया था और इसलिए कांग्रेस अब उनको बचाने का प्रयास कर रही हैं। उन्होंने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर पर कांग्रेस के विरोध को निशाना बनाते हुए कहा कि एसआईआर का विरोध करके कांग्रेस घुसपैठियों को बचाने का प्रयास कर रही है।
दौरे के दूसरे दिन रविवार को प्रधानमंत्री मोदी ने डिब्रूगढ़ में अमोनिया यूरिया प्लांट का उद्घाटन किया। इसकी सालाना उत्पादन क्षमता 12.7 लाख टन होगी। यह यूनिट 2030 तक चालू हो जाएगी। इस दौरान जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि पहले किसानों को खाद के लिए लाठियां खानी पड़ती थीं। उन्होंने कहा, ‘जो काम कांग्रेस को उस समय करना था, उसने नहीं किया। इसलिए मुझे एक्स्ट्रा मेहनत करनी पड़ रही है’।
कांग्रेस पर हमला करते हुए मोदी ने कहा, ‘तुष्टिकरण और वोट बैंक के इस जहर से हमें असम को बचाकर रखना है। मैं आपको गारंटी देता हूं कि असम की पहचान और सम्मान की रक्षा के लिए भाजपा फौलाद बनकर आपके साथ खड़ी है’। इससे पहले प्रधानमंत्री ने गुवाहाटी में ब्रह्मपुत्र नदी में क्रूज पर 25 बच्चों के साथ करीब 45 मिनट परीक्षा पे चर्चा भी की। मोदी ने रविवार को नामरूप में ब्रह्मपुत्र वैली फर्टिलाइजर कॉर्प लिमिटेड के मौजूदा परिसर में नए फर्टिलाइजर यूनिट की आधारशिला रखी।
