पटना/नई दिल्ली। देश के सबसे बड़े चुनाव रणनीतिकार रहे प्रशांत किशोर पहली बार विधानसभा का चुनाव लड़ने जा रहे हैं। उनकी आम आदमी पार्टी ने ऐलान किया है कि पटना की बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव में प्रशांत किशोर पार्टी के प्रत्याशी होंगे। गुरुवार को ही चुनाव आयोग ने इस सीट पर उपचुनाव का ऐलान किया है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने राज्यसभा के लिए चुने जाने के बाद इस सीट से इस्तीफा दे दिया था।
चुनाव आयोग ने मध्य प्रदेश की दतिया सीट पर भी उपचुनाव का ऐलान किया है। कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती एक मामले में सजा होने के बाद अयोग्य घोषित कर दिए गए, जिसकी वजह से उपचुनाव हो रहा है। उन्होंने भाजपा के दिग्गज नेता और मुख्यमंत्री पद के दावेदार माने जा रहे नरोत्तम मिश्रा को हराया था। इस बार भी संभव है कि नरोत्तम मिश्रा ही उम्मीदवार होंगे। दूसरी ओर कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि साजिश के तहत राजेंद्र भारती को अयोग्य घोषित कराया गया है।
बहरहाल, पटना में बांकीपुर और मध्य प्रदेश में दतिया सीट पर 30 जुलाई को मतदान होगा, जबकि तीन अगस्त को वोटों की गिनती होगी। छह जुलाई को अधिसूचना जारी होगी और 13 जुलाई तक नामांकन दाखिल किया जाएगा। पटना की बांकीपुर सीट पर भाजपा किसे उम्मीदवार बनाएगी यह अभी तय नहीं है। साथ ही यह भी तय नहीं है कि प्रशांत किशोर लड़ेंगे तो राजद और कांग्रेस की ओर से उनको समर्थन दिया जाएगा या नहीं।
इससे पहले आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता किशोर कुमार मुन्ना ने कहा कि पार्टी ने तय किया है कि प्रशांत किशोर को उम्मीदवार बनाया जाए। गौरतलब है कि प्रशांत किशोर ने पहले कहा था कि अगर पार्टी कहेगी तो वे चुनाव लड़ेंगे। सो, पार्टी ने कह दिया है। गौरतलब है कि पिछले साल हुए विधानसभा चुनाव में प्रशांत किशोर की पार्टी को एक भी सीट नहीं मिली थी।
