Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

राष्ट्रपति मुर्मू ने पनडुब्बी में यात्रा की

बेंगलुरू। सबसे आधुनिक लड़ाकू विमान राफेल में उडान भरने के बाद अब राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने पनडुब्बी में यात्रा की। समुद्र में पनडुब्बी की यात्रा करने वाली वे देश की दूसरी राष्ट्रपति बनी हैं। उनसे पहले राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम ने पनडुब्बी में यात्रा की थी। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने रविवार को कर्नाटक के कारवाड़ नेवल बेस पर पनडुब्बी में यात्रा की। कलवरी क्लास की सबमरीन आईएनएस वाघषीर में नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश के त्रिपाठी भी राष्ट्रपति के साथ थे। कलाम ने फरवरी 2006 में पनडुब्बी यात्रा की थी।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू रविवार को नौसेना की वर्दी पहनकर पनडुब्बी में पहुंचीं। पी75 स्कॉर्पीन प्रोजेक्ट की छठी और अंतिम पनडुब्बी आईएनएस वाघषीर को जनवरी में नौसेना में शामिल किया गया था। गौरतलब है कि राष्ट्रपति मुर्मू भारतीय वायु सेना के दो लड़ाकू विमानों में उड़ान भर चुकी हैं। ऐसा करने वाली वे भारत की पहली राष्ट्रपति हैं। उन्होंने 29 अक्टूबर को अंबाला एयरफोर्स स्टेशन से राफेल में उड़ान भरी थी। उससे पहले राष्ट्रपति मुर्मू ने सात अप्रैल 2023 को असम के तेजपुर एयरफोर्स स्टेशन से सुखोई 30 एमकेआई लड़ाकू विमान में उड़ान भरी थी। मुर्मू से पहले तत्कालीन राष्ट्रपति प्रतिभा सिंह पाटिल ने भी सुखोई में उड़ान भरी थी।

Exit mobile version