नई दिल्ली। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को विशेषाधिकार हनन के संबंध में संसद की समिति की ओर से नोटिस जारी किया गया है। संसद की विशेषाधिकार समिति ने राहुल को भेजे गए नोटिस में कहा है कि वे 28 अगस्त तक अपना जवाब दाखिल करें। यह मामला लोकसभा में पेपर लीक बिल पर चर्चा के दौरान गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ लगाए गए आरोपों से जुड़ा है।
भारतीय जनता पार्टी के सांसद अनुराग ठाकुर ने 30 जुलाई को राहुल गांधी के खिलाफ विशेषाधिकार हनन का नोटिस दिया था और इस संबंध में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से शिकायत की थी। लोकसभा अध्यक्ष ने इस शिकायत को जांच के लिए विशेषाधिकार समिति के पास भेज दिया था। अब विशेषाधिकार समिति ने राहुल गांधी को नोटिस भेज कर उनसे जवाब मांगा है।
अनुराग ठाकुर के नोटिस में आरोप लगाया गया है कि राहुल गांधी ने पेपर लीक बिल पर चर्चा के दौरान असंसदीय और अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया था। साथ ही यह भी कहा गया है कि उन्होंने नियम 353 के तहत जरूरी अग्रिम सूचना दिए बिना केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ गंभीर और निराधार आरोप लगाए। इस मामले में भाजपा के सांसद डॉ. संजय जायसवाल का 29 जुलाई 2026 का पत्र भी शामिल किया गया है।
डॉक्टर संजय जायसवाल ने लोकसभा में बहस के दौरान राहुल गांधी द्वारा गृह मंत्री के खिलाफ इस्तेमाल किए गए कथित असंसदीय शब्दों का संज्ञान लेने और नियमों के तहत उचित कार्रवाई शुरू करने की मांग की थी। गौरतलब है कि राहुल गांधी ने अपने भाषण के दौरान एक असंसदीय शब्द का इस्तेमाल किया था, जिसे बाद में सदन की कार्यवाही से हटा दिया गया था। राहुल के भाषण पर सदन में लगातार हंगामा चलता रहा था और हंगामे के कारण राहुल गांधी अपना भाषण पूरा नहीं कर पाए थे।
