नई दिल्ली। लोकसभा की सीटों की संख्या बढ़ाने और महिलाओं को आरक्षण देने के लिए केंद्र सरकार एक बार फिर संविधान संशोधन विधेयक लाने जा रही है। केंद्रीय मंत्रिमंडल ने शुक्रवार को इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी। इस बार सरकार ने दक्षिण भारत के राज्यों की चिंता दूर करने के लिए सभी राज्यों में लोकसभा की सीटों की संख्या 50 फीसदी बढ़ाने का प्रस्ताव किया है। लोकसभा में अधिकतम 850 सीटों का प्रावधान किया जाएगा और 2029 के लोकसभा चुनाव से महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण देने की तैयारी है।
सरकार के सामने सबसे बड़ी चुनौती लोकसभा में राज्यों के प्रतिनिधित्व का मौजूदा संतुलन बनाए रखने की है। जानकार सूत्रों के मुताबिक नए विधेयक में कुछ ऐसे बदलाव किए गए हैं, जिनसे सीटों की संख्या बढ़ने के बावजूद लोकसभा में किसी राज्य की आनुपातिक हिस्सेदारी कम नहीं होगी। इसके लिए हर राज्य में समान अनुपात में सीटें बढ़ाने का रास्ता निकाला गया है। साथ ही प्रस्ताव किया गया है कि एक बार सीटों की संख्या बढ़ाए जाने के बाद 2051 तक उसमें कोई बदलाव नहीं किया जाएगा।
लोकसभा के नए निर्वाचन क्षेत्रों का निर्धारण करने के लिए 2011 की जनगणना के आंकड़ों का इस्तेमाल करने का प्रस्ताव है। यानी लोकसभा में राज्यों के प्रतिनिधित्व का मौजूदा अनुपात बनाए रखते हुए उनके संसदीय निर्वाचन क्षेत्रों की संख्या और सीमाओं का नए सिरे से निर्धारण किया जाएगा। लोकसभा में अभी 543 निर्वाचित सदस्य हैं। सरकार का कहना है कि परिसीमन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद लोकसभा के साथ साथ राज्यों की विधानसभाओं में भी महिला आरक्षण लागू करने का रास्ता साफ होगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में शुक्रवार दोपहर सेवा तीर्थ में हुई कैबिनेट की बैठक में नए विधेयक को मंजूरी दी गई। ध्यान रहे सरकार ने इस साल अप्रैल में भी संसद का विशेष सत्र बुलाया था और इस सिलसिले में विधेयक पेश किया था। लेकिन लोकसभा में उसे पारित कराने के लिए जरूरी बहुमत नहीं जुटा सकी थी।
इस बार सरकार को उम्मीद है कि वह विपक्ष की कुछ पार्टियों का समर्थन हासिल करने में कामयाब होगी। सूत्रों के मुताबिक द्रविड़ मुनेत्र कषगम यानी डीएमके, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी और भारत राष्ट्र समिति यानी बीआरएस से सरकार को समर्थन मिलने की उम्मीद है। हालांकि विपक्षी पार्टियों का गठबंधन ‘इंडिया’ प्रस्ताव के विरोध में है। संविधान संशोधन के लिए संसद के दोनों सदनों में विशेष बहुमत की जरूरत होगी। सदन की कुल सदस्य संख्या के बहुमत के साथ साथ उपस्थित और मतदान करने वाले सदस्यों में से कम से कम दो तिहाई का समर्थन जरूरी होगा।
सरकार ने इस बार संसद का चार दिन का विशेष सत्र बुलाया है। लोकसभा की बैठक 30 नवंबर और एक दिसंबर को होगी। उसके बाद दो और तीन दिसंबर को राज्यसभा की बैठक होगी। विपक्षी पार्टियों के नेता शनिवार को बैठक करके सरकार के प्रस्ताव पर अपनी रणनीति तय करेंगे।
संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजीजू ने विशेष सत्र बुलाए जाने के बारे में कहा कि सरकार जब संसद का विशेष सत्र बुलाती है तो इसका मतलब होता है कि देश के लिए महत्वपूर्ण कोई विधेयक या अन्य जरूरी कामकाज संसद के सामने रखा जाना है।
