मॉस्को/नई दिल्ली। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने पश्चिम एशिया में चल रहे युद्ध को लेकर बड़ी चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि इस युद्ध से कोविड महामारी जैसे हालात हो सकते हैं। मॉस्को में बिजनेस लीडर्स से बातचीत में पुतिन ने कहा कि मिडिल ईस्ट में जारी जंग के नतीजों का सटीक अनुमान लगाना मुश्किल है। उन्होंने ईरान या अमेरिका और इजराइल का नाम लिए बगैर कहा कि जो देश इस युद्ध में शामिल हैं, उन्हें भी इसके असर का अंदाजा नहीं है।
पुतिन ने कहा कि इस संघर्ष का असर अंतरराष्ट्रीय लॉजिस्टिक्स, उत्पादन और सप्लाई चेन पर पड़ रहा है। साथ ही तेल, गैस, धातु और उर्वरक सेक्टर की कंपनियों पर भी दबाव बढ़ रहा है। इस बीच खबर है कि वैश्विक बाजार में तेल की कीमतों में करीब फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। अंतरराष्ट्रीय बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड 5.2 फीसदी बढ़ कर 107.54 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गया। उधर विश्व व्यापार संगठन यानी डब्लुटीओ ने कहा है कि दुनिया इस समय 80 साल के सबसे बड़े व्यापार संकट से गुजर रही है। डब्लुटीओ के प्रमुख चीफ न्गोजी ओकोंजो इवेला ने गुरुवार को कहा कि ग्लोबल ट्रेड सिस्टम में बड़ी रुकावट आई है। इससे दुनिया की पुरानी व्यवस्था बदल चुकी है। इसे नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
