नई दिल्ली। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मध्य प्रदेश की भाजपा सरकार पर बड़ा हमला किया है। राहुल ने मध्य प्रदेश सरकार को सबसे भ्रष्ट शासन वाली सरकार कहा है। राज्य में जहरीली शराब से 22 लोगों की मौत को लेकर राहुल ने सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ‘भारत की सबसे भ्रष्ट सरकार वाले राज्य मध्य प्रदेश में शासन नाम की कोई चीज बची ही नहीं। दवा जहरीली। शराब जहरीली। पानी जहरीला। नए कानून बना दिए जाते हैं, लेकिन अगले हादसे तक उन्हें किसी तहखाने में डाल दिया जाता है’।
राहुल गांधी ने अपनी पोस्ट में लिखा, ‘जहरीली शराब ने प्रदेश के सागर में अनेक लोगों की जान लेकर उन सभी घरों में मातम पहुंचा दिया है, लेकिन मध्य प्रदेश को पता है आगे क्या होगा। कुछ गिरफ्तारियां होंगी, कुछ अधिकारी सस्पेंड होंगे, जांच के आदेश होंगे, क्योंकि ये पहली बार नहीं है’। गौरतलब है कि कुछ दिन पहले इंदौर में जहरीला पानी पीने से अनेक लोगों की मौत हो गई है।
अब सागर जिले के बंडा और शाहगढ़ क्षेत्र में जहरीली शराब पीने से 22 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि एक सौ से अधिक मरीज अस्पतालों में भर्ती हैं। इस मामले में बंडा के एसडीएम आरती यादव और एसडीओपी प्रदीप बाल्मीकि को हटा दिया गया है। मामले की जांच में बंबइया व्हिस्की और सागर गोल्ड नाम के दो ब्रांड सामने आए हैं। दोनों ब्रांड को लेकर दर्ज अलग अलग एफआईआर में दो लाइसेंसी ठेकेदारों समेत 30 लोगों को आरोपी बनाया गया है।
