तिरूवनंतपुरम। चुनावी राज्य केरल के दो दिन के दौरे पर पहुंचे राहुल गांधी ने यात्रा के दूसरे दिन शनिवार को आईटी पेशेवरों से मुलाकात की। उनके साथ संवाद में राहुल गांधी ने चीन के विनिर्माण सेक्टर की तारीफ की। लेकिन साथ ही यह भी कहा कि वहां लोकतंत्र नहीं है। अपने बारे में राहुल ने कहा कि वे अगर वे राजनीति में नहीं होते, तो एयरोस्पेस की दुनिया में उद्यमी होते। गौरतलब है कि अगले महीने केरल में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं।
राहुल गांधी ने बताया कि वे एक पायलट हैं। उनके पिता और चाचा भी पायलट थे। उन्होंने टेक्नोपार्क में आईटी पेशेवरों के साथ बात की। इस दौरान उन्होंने चीन के औद्योगिक व विनिर्माण सेक्टर की तारीफ की। राहुल ने कहा, ‘चीन ने एक शानदार इंडस्ट्रियल सिस्टम बनाया है जिसका दुनिया में कोई मुकाबला नहीं है। लेकिन हमें उनका जबरदस्ती वाला सिस्टम पसंद नहीं। वे डेमोक्रेटिक नहीं हैं’। राहुल गांधी ने केरल के इडुक्की जिले के कुट्टिकनम में चाय बागान के मजदूरों से बातचीत की और वर्कला के शिवगिरी मठ में श्री नारायण गुरु की समाधि पर भी गए।
चीन से तुलना करते हुए उन्होंने कहा, ‘भारत में बहुत कम कंपनियां ऐसी हैं जो फैक्टरियों में चीजें बनाती हैं। अडानी और अंबानी जैसे बड़े बिजनेसमैन भी ज्यादातर खुद प्रोडक्शन नहीं करते। वे अक्सर ऐसे प्रोडक्ट बेचते हैं जो बाहर से आते हैं या जिनसे लोकल उत्पादन को नुकसान होता है। उन्होंने आगे कहा, ‘इसका एक राजनीतिक पहलू भी है। मौजूदा जीएसटी सिस्टम ऐसा बनाया गया है, जिससे सामान बनाने वाले राज्यों को नुकसान होता है। यह उत्पादन करने वाले राज्यों के बजाय ज्यादा फायदा उन राज्यों को देता है जहां सामान ज्यादा खरीदा जाता है’।
