Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

मणिपुरी संगीतकार को राहुल ने दी श्रद्धांजलि

नई दिल्ली। राहुल गांधी ने मणिपुरी संगीतकार चोंगथम विक्रम सिंह को गुरुवार को श्रद्धांजलि दी। विक्रम सिंह की पिछले दिनों दिल्ली में पीट पीट कर हत्या कर दी गई थी। गुरुवार को उनकी याद में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया था, जिसमें लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी शामिल हुए। वहां राहुल ने विक्रम सिंह की हत्या को दुखद बताते हुए कहा कि उन्हें सिर्फ इसलिए निशाना बनाया गया क्योंकि वे कहां से आए थे।

राहुल गांधी ने दावा किया कि विक्रम सिंह की हत्या उनकी मणिपुरी पहचान के कारण हुई। उन्होंने कहा, ‘एक युवा की हत्या अपने आप में बड़ी त्रासदी है। इसके साथ ही किसी व्यक्ति पर उसकी पहचान और वह किस जगह से आया है, इस आधार पर हमला होना भी गंभीर चिंता की बात है’। उन्होंने आगे कहा, ‘यह सिर्फ विक्रम की त्रासदी नहीं है, बल्कि मणिपुर के लोगों के सामने लंबे समय से कई तरह की परेशानियां और हिंसा हैं’।

गौरतलब है छह सितंबर की रात को दक्षिण दिल्ली में 54 साल के मणिपुर मूल के संगीतकार चोंगथम विक्रम सिंह की पीट पीटकर हत्या कर दी गई थी। इस आरोप में पुलिस ने सात लोगों को पकड़ा है। इनमें एक नाबालिग भी है। पुलिस के मुताबिक दक्षिण दिल्ली के आश्रम इलाके में रहने वाले विक्रम सिंह अपने घर के नीचे डिलीवरी बॉय और स्थानीय ढाबे के कर्मचारियों के तेज शोर और हंगामे पर आपत्ति जताने गए थे। इस दौरान उनके ऊपर हमला किया गया।

बहरहाल, राहुल गांधी इन दिनों अलग अलग क्षेत्र के युवाओं की समस्याओं को समझने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने बुधवार को छात्रों और युवाओं के नाम संदेश जारी कर उनसे अपनी समस्याएं, चुनौतियां और सुझाव साझा करने की अपील की। उन्होंने कहा कि वे अलग अलग शहरों में छात्रों से मिलकर उनकी चुनौतियां समझ रहे हैं। इसी मुहिम के तहत 19 सितंबर को वे इंदौर में छात्रों के बीच रहेंगे।

Exit mobile version