इंदौर। राहुल गांधी ने मध्य प्रदेश के इंदौर में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में नेता, उद्योगपति और अधिकारी के नेक्सस को सिस्टम बताते हुए कहा कि भारत के सिस्टम पर छह लोगों का कब्जा है। उन्होंने मंच पर बड़ी स्क्रीन के ऊपर छह लोगों की तस्वीर दिखाई और दावा किया कि ये छह लोग देश का सिस्टम चला रहे हैं। इनमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोवाल और दो कारोबारी गौतम अडानी व मुकेश अंबानी की तस्वीर थी।
कार्यक्रम के दौरान तीन छात्रों ने राहुल से सिस्टम की बात की। इसका हवाला देते हुए राहुल ने स्क्रीन पर स्लाइड दिखाई और कहा, तीन फ्रेंड्स ने सिस्टम की बात की। सिस्टम क्या है, सिस्टम में कई लेयर हैं, टॉप लेवल पर छह लोग बैठे हैं। इसे मोदी चलाते हैं’। उन्होंने सबके बारे में बताते हुए कहा, ‘धमकाने का काम, उन्हें मारने का काम, पैलेट गन मारने का काम शाह करते हैं। अजित डोवाल कहते हैं कि देश को कंट्रोल करना है तो पांच सौ लोगों को कंट्रोल करने की जरूरत है। ये देश के कम्युनिकेशन पर कब्जा किए हैं। ये फोन टैपिंग कराते हैं, ये मोदी व शाह को सूचना देते हैं। आपके फोन के अंदर डोवाल बैठे हैं’।
बाकी तीन लोगों के बारे में राहुल ने कहा, ‘बीच में भागवत जी है जो विचारधारा की बात करते हैं, जिनके संगठन को हजारों करोड़ मिलते हैं। वहीं दूसरी तरफ अंबानी और अडानी हैं। ये लोग फाइनेंस करते हैं। पैसा घुमाकर भाजपा को दिया जाता है’। उन्होंने आगे कहा, ‘इस लेयर के नीचे हर संस्था को कैप्चर करके रखा है। इसमें मीडिया, एंटरनटेनमेंट, न्याय सभी में एक एक आदमी बिठा रखा है। जैसे देश में कई क्रिकेटर्स है लेकिन सिस्टम ने शाह के बेटे को क्रिकेट का ठेका दे दिया है। यहां डेमोक्रेसी की बात होती है लेकिन सिस्टम अपने आदमी को बिठा देता है’।
