Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

राहुल ने प्रधान को अपराधी मंत्री बताया

नई दिल्ली। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान पर बड़ा हमला किया है। उन्होंने उनको अपराधी मंत्री बताया है और कहा है कि उनकी वजह से देश की शिक्षा व्यवस्था धराशायी हो गई है। राहुल ने शुक्रवार को अपने आवास पर एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की, जिसमें उन्होंने जंतर मंतर पर पुलिस कार्रवाई में घायल हुए एक युवा को भी बैठाया। राहुल ने दावा किया कि वह युवक पुलिस की ओर से चलाए गए पैलेट गन से घायल हुआ। हालांकि पुलिस पैलेट गन के इस्तेमाल से इनकार कर रही है।

राहुल गांधी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, ‘धर्मेंद्र प्रधान एक अपराधी शिक्षा मंत्री हैं। वे हमारे एजुकेशन सिस्टम के ध्वस्त होने का प्रतीक हैं। उन्हें जाना ही होगा। उन्हीं की वजह से हजारों लोग सड़कों पर हैं’। उन्होंने घायल छात्र के हाथ, पीठ और छाती में लगे घाव को दिखाया। राहुल ने कहा, ‘मैं यह बताना चाहता हूं कि यहां खड़ा मेरा भाई उस समय पैलेट गन से घायल हो गया था, जब वह तिरंगा लेकर शांतिपूर्ण तरीके से विरोध प्रदर्शन कर रहा था’।

गौरतलब है कि 20 जुलाई को नीट पेपर लीक के विरोध में कॉकरोच जनता पार्टी ने संसद मार्च निकाला था। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों की झड़प में एक सौ से ज्यादा छात्र और पुलिसकर्मी घायल हुए थे। साहिल लोचब इनमें से एक है। वह 19 साल का है और दक्षिण पश्चिम दिल्ली के नजफगढ़ का रहने वाला है। 20 जुलाई को जंतर मंतर पर प्रदर्शन के दौरान पुलिस की पैलेट गन से इनकी दाहिनी आंख की रोशनी चली गई थी। एम्स के जयप्रकाश नारायण एपेक्स ट्रॉमा सेंटर में सर्जरी हुई है। परिवार के मुताबिक, डॉक्टरों ने बताया है कि घायल आंख की रोशनी लौटने की सिर्फ एक फीसदी संभावना है।

Exit mobile version