नई दिल्ली। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी भाजपा और राष्ट्रीय स्वंयसेवक संघ यानी आरएसएस के खिलाफ अपनी लड़ाई को नए स्तर पर ले जा रहे हैं। उन्होंने भाजपा और आरएसएस पर बहुत तीखा हमला किया है। सोनिया गांधी की किताब ‘बिलॉन्गिंगः अ जर्नी ऑफ लव’ के विमोचन के समय राहुल गांधी की कही एक बात को लेकर उनको जिस तरह से निशाना बनाया है, राहुल ने उसका जवाब दिया है।
राहुल गांधी ने भाजपा और आरएसएस को असभ्य, लालची, जातिवादी और पितृसत्तात्मक सोच वाले करार दिया और आरोप लगाया है कि उन्हें भारत की आध्यात्मिक और धार्मिक परंपराओं को कोई समझ नहीं है। राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर की गई एक पोस्ट में लिखा है, ‘मैं भारतीय आध्यात्मिक और धार्मिक परंपराओं को जितना गहराई से समझता हूं, उतनी ही चीजें स्पष्ट होती जाती हैं। बीजेपी और आरएसएस असभ्य, लालची, जातिवादी और पुरुष प्रधान सोच वाले लोग हैं, जिन्हें हमारी आध्यात्मिक और धार्मिक परंपराओं की बिल्कुल भी समझ नहीं है’।
अपनी इस पोस्ट के साथ राहुल गांधी ने एक तस्वीर भी साझा की है, जिसमें भगवान शिव और देवी पार्वती को अर्धनारीश्वर रूप में दर्शाया गया है। अर्धनारीश्वर हिंदू धर्म का एक स्वरूप है, जिसमें भगवान शिव और देवी पार्वती एक ही शरीर में समाहित हैं। इसमें आधा हिस्सा पुरुष का और आधा हिस्सा स्त्री का है। इससे पहले भी राहुल गांधी शिव और पार्वती की एक तस्वीर साझा कर चुके हैं।
असल में ने अपनी मां सोनिया गांधी की किताब के विमोचन के दौरान अपने माता-पिता के रिश्ते को लेकर बयान दिया था। अपने बचपन को याद करते हुए उन्होंने बताया कि उनके माता-पिता खाना खाते समय एक साथ बैठते थे, और उनकी मां अक्सर उनके पिता की गोद में बैठती थीं। उन्होंने कहा था, ‘मुझे लगा कि यह एक सामान्य बात है। जब मैं अपने दोस्तों के घर जाता था, तो उनके माता-पिता को एक-दूसरे की गोद में नहीं देखता था। तब मैं अपने दोस्तों से पूछता था, अरे, यह क्या हो रहा है? तुम्हारी मां तुम्हारे पिता की गोद में क्यों नहीं बैठतीं’? भाजपा के कई नेताओं ने इस बयान की आलोचना की या मजाकिया अंदाज में राहुल को ट्रोल किया।
