चेन्नई। राजधानी दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन के दौरान शनिवार को राहुल गांधी चेन्नई पहुंचे। उन्होंने शनिवार की शाम को छात्रों की गूंज कार्यक्रम में हिस्सा लिया और छात्रों से संवाद किया। इस दौरान राहुल गांधी ने कहा, ‘लोकतंत्र खत्म करने वालों से डरने की जरूरत नहीं है’। राहुल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि वे अंतरराष्ट्रीय दबाव में हैं। उन्होंने राष्ट्रीय स्वंयसेवक संघ पर भी निशाना साधा।
राहुल गांधी का कार्यक्रम आइलैंड ग्राउंड्स में हुआ, जहां करीब आधे घंटे के संवाद के दौरान राहुल ने कहा, ‘सवाल पूछना हर स्टूडेंट की जिम्मेदारी है’। उन्होंने मोदी सरकार पर हमला करते हुए कहा कि वह नहीं चाहती है कि युवा सवाल पूछें। राहुल ने आगे कहा, ‘सरकार तमिलनाडु पर हिंदी थोप रही है। तमिल कल्चर, भाषा इतिहास पर हमला किया जा रहा है’। उन्होंने चुनाव आयोग पर निशाना साधते हुए कहा, ‘आपका वोट चोरी किया जा रहा है’।
गौरतलब है कि राहुल गांधी ने नीट पेपर लीक के बाद सबसे पहले राजस्थान के कोटा में छात्रों से संवाद किया था। उसके बाद वे देहरादून, प्रयागराज, पुणे और इंदौर में युवाओं और छात्रों से इस कार्यक्रम में बात कर चुके हैं। यह कार्यक्रम पहली बार दक्षिण भारत में हुआ। इस दौरान उन्होंने मोदी पर निशाना साधते हुए कहा, ‘पीएम इंटरनेशनल दबाव में हैं। अस्तित्व के लिए लड़ रहे हैं। देश का मूड जनता जान गई है’।
प्रधानमंत्री मोदी पर निशाना साधते हुए राहुल ने कहा, ‘पीएम मोदी कंप्रोमाइज्ड है, चाहे वो फाइनेंशियल फोर्सेज के जरिए हों या इंटरनेशनल दबाव में। वे लोग मोदी को कंट्रोल कर रहे हैं’। उन्होंने कहा, ‘मोदी अपने अस्तित्व के लिए लड़ रहे हैं। देश का मूड जनता जान गई है, सिर्फ दिल्ली ही नहीं पूरे देश के लोगों से कहना चाहता हूं कि आपको डरने की जरूरत नहीं है। लोकतंत्र को खत्म करने वालों से डरना नहीं है, दुनिया की कोई भी ताकत उन्हें इसकी सजा भुगतने से नहीं रोक सकती’। राहुल ने आगे कहा, ‘मोदी जिज्ञासा की फाउंडेशन को नष्ट कर रहे हैं। वे वोट चोरी इलेक्शन चोरी कर रहे हैं। आपने आज दिल्ली में देखा पूरा शहर बंद कर दिया। पुलिस बच्चों को मार रही है, इंटरनेट बंद है। भाजपा के गुंडे सड़क पर घूम रहे, बच्चों को पीट रहे हैं’।
