Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

गिग वर्कर्स की रैली में शामिल हुए राहुल

हैदराबाद। कांग्रेस नेता राहुल गांधी शनिवार को गिग वर्कर्स की रैली में शामिल हुए। वे एक महिला बाइक राइडर की गाड़ी पर बैठ कर रैली में शामिल हुए। इस मौके पर राहुल ने गिग वर्कर्स के हितों की बात की और बताया कि तेलंगाना की कांग्रेस सरकार ने उनके लिए जो नया कानून बनाया है उसमें क्या सुविधाएं दी गई हैं। गौरतलब है कि तेलंगाना सरकार ने गिग वर्कर्स के हितों के बचाने के लिए नया कानून बनाया है और उनके लिए एक वेलफेयर बोर्ड भी बनाया है।

राहुल ने इस दौरान कहा, ‘भाजपा और आरएसएस गिग वर्कर्स को बंधुआ मजदूर बनाना चाहते हैं। आपसे 24 घंटे काम कराकर अंबानी, अडानी जैसे अरबपतियों को फायदा पहुंचाना चाहते हैं। जबकि कांग्रेस आपको मजदूर नहीं, पार्टनर बनाना चाहती है’। गौरतलब है कि तेलंगाना में गिग वर्कर्स कानून दो जून को लागू हुआ था। इसके बाद से इन्हें कई सुविधाएं दी जा रही हैं। तेलंगाना के अलावा राजस्थान कर्नाटक, बिहार और झारखंड में यह कानून बन चुका है।

कांग्रेस की ओर से आयोजित दो दिन के ‘भारत समिट’ में हिस्सा लेने पहुंचे राहुल ने तेलंगाना सरकार की ओर से दी जा रही सुविधाओं के बारे में बताते हुए कहा, ‘एक्सीडेंट होता है, बीमारी होती है, इससे नुकसान होता है। परिवार परेशान होता है। इसलिए तेलंगाना की सरकार हर गिग वर्कर को पांच लाख रुपए एक्सीडेंट बीमा, और 10 लाख रुपए हेल्थ इंश्योरेंस देने जा रही है’।

उन्होंने कहा, ‘हर ट्रांजेक्शन में राइड डिलीवरी में एक प्रतिशत पैसा सीधा आपके बैंक अकाउंट में आपके भविष्य के लिए जाएगा। यह पैसा आपको कंपनी को देना होगा’। राहुल ने कहा, ‘तेलंगाना के शहरों में आप दिन भर धूप में स्कूटर पर चलते हो, लेकिन रेस्ट करने के लिए जगह नहीं है। इसलिए राज्य सरकार गिग वर्कर के लिए रेस्ट जोन बनाने जा रही है’। उन्होंने कहा कि अब तक गिग वर्कर अपने डेटा को नहीं देख सकता था। अब ये कानून गिग वर्कर को आपके डेटा पर अधिकार देने जा रहा है। इस दौरान वर्कर्स के लिए वेलफेयर बोर्ड की शुरुआत भी हुई, जो राज्य में उनके लिए कानून और कल्याणकारी योजनाएं लागू करेगा।

Exit mobile version