तिरुवनंतपुरम। केरल में मतदान की तारीख नजदीक आ रही है और साथ प्रचार की गरमी बढ़ती जा रही है। राहुल गांधी ने केरल में लगातार दूसरे दिन कई सभाओं को संबोधित किया और मुख्यमंत्री पिनरायी विजयन पर बड़ा हमला बोला। राहुल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के डर से विजयन कुछ नहीं बोल पा रहे हैं। राहुल ने कहा कि मोदी के हाथ में विजयन को जेल भेजने की चाबी है।
राहुल ने कहा कि जिस तरह से अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से प्रधानमंत्री मोदी डरे हैं वैसे ही मोदी से विजयन डरे हुए हैं। इस सिलसिले में राहुल ने मंदिर से सोने की चोरी का मुद्दा उठाया। राहुल ने कहा कि केरल में पहली बार भाजपा और लेफ्ट डेमोक्रेटिक फ्रंट यानी एलडीएफ के बीच एक साझेदारी देखी जा रही है। उन्होंने कन्नूर, कल्लाची और पेरम्बरा में जनसभाओं को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी पर भी हमला किया।
राहुल ने कहा, ‘एलडीएफ की मुख्य पार्टी सीपीएम के नेताओं ने सबरीमाला मंदिर से सोना चुराकर उसे पीतल से बदल दिया, लेकिन केंद्रीय एजेंसियों ने उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केरलम आकर इस पर एक शब्द नहीं बोला, क्योंकि वे चाहते हैं कि राज्य में एलडीएफ चुनाव जीते’। राहुल ने आगे कहा, ‘भाजपा और आरएसएस का विरोध करने वाले विपक्षी नेताओं पर कार्रवाई होती है, लेकिन भ्रष्टाचार को लेकर केरलम के मुख्यमंत्री पर कोई कार्रवाई नहीं होती और उनके बच्चों से भी पूछताछ नहीं होती। मोदी जानते हैं कि पूरे देश में सिर्फ कांग्रेस ही उन्हें चुनौती दे सकती है’।
अपने भाषण में राहुल गांधी ने कहा, ‘जिस तरह डोनाल्ड ट्रंप मोदी को कंट्रोल करते हैं, उसी तरह प्रधानमंत्री केरलम के मुख्यमंत्री को नियंत्रित करते हैं। मुख्यमंत्री जानते हैं कि उन्हें जेल की सलाखों के पीछे पहुंचाने की चाबी मोदी के पास है, इसलिए वे उनके खिलाफ कभी कुछ नहीं बोलते’। राहुल गांधी ने कोझिकोड में रोड शो भी किया।
