Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

ऑटो चालकों से मिले राहुल

नई दिल्ली। अलग अलग कामकाजी समूह से मिल रहे कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शुक्रवार को दिल्ली में ऑटो चालकों से मुलाकात की। दिल्ली के बंगाली मार्केट में बने टोडरमल पार्क में राहुल गांधी ऑटो रिक्शा चालकों के बीच पहुंचे। राहुल ने उनसे बातचीत की और उनके साथ बैठ कर खाना खाया। राहुल ने ऑटो चालक वाली ड्रेस भी पहनी। इससे पहले राहुल ऐप आधारित एक कैब चालक से मिले थे और उसके घर गए थे।

बहरहाल, ऑटो चालकों के साथ राहुल गांधी के कुछ वीडियो सामने आए हैं।  उन्होंने ऑटो की सवारी भी की। राहुल ने ऑटो चालकों से रोजमर्रा की चुनौतियों, उनकी आय, बढ़ते खर्चों और काम करने के हालात के बारे में जाना। उनकी शिकायतें सुनीं, उनकी जीवनशैली और समस्याओं पर चर्चा की। राहुल गांधी से मिलने के बाद एक ऑटो ड्राइवर ने कहा, ‘राहुल ने हमसे बातचीत की। हमारे मुद्दे उठाने, हमारे बीमा और दूसरी सहायता दिलाने का वादा किया’।

ऑटो ड्राइवर रमेश प्रसाद ने बताया, ‘हमने राहुलजी से बताया कि हमारा काम बहुत धीमा चल रहा है। उन्होंने मेरे बच्चों की पढ़ाई, लिखाई और रोज की कमाई और खाने, पीने का खर्च कैसे चलाते हैं, इस बारे में पूछा। हमने राहुल गांधी जी के साथ दाल, रोटी और सब्ज़ी का सादा भोजन किया’।

Exit mobile version