नई दिल्ली। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने दिल्ली और उत्तर प्रदेश की सरकार पर सवाल उठाया है और जवाबदेही तय करने की मांग की है। राजधानी दिल्ली और एनसीआर में चलती बस में 16 साल की एक नाबालिग से हुए सामूहिक बलात्कार के मामले में राहुल ने दोनों राज्यों की सरकारों पर सवाल उठाए हैं। राहुल ने कहा है कि 47 किलोमीटर तक चलती बस में लड़की के साथ गैंगरेप हुआ, लेकिन पुलिस को इसकी जानकारी तक नहीं हुई। किसी को जवाबदारी लेनी होगी।
गौरतलब है कि दिल्ली में नाबालिग से चलती स्लीपर बस में गैंगरेप का मामला सोमवार को सामने आया था। पुलिस के मुताबिक, घटना चार अगस्त की है, जिसकी जानकारी पुलिस ने 31 अगस्त को दी। बस के ड्राइवर और कंडक्टर को गिरफ्तार कर लिया गया है। हालांकि गिरफ्तारी कब हुई इस बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई है।
इसे लेकर राहुल गांधी ने मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्एम एक्स पर पोस्ट कर कहा, ‘दिल्ली महिलाओं के लिए असुरक्षित हो गई है। स्लीपर बस में हुई घटना की जानकारी दिल्ली और नोएडा पुलिस को भी नहीं हुई’। उन्होंने सवाल उठाया कि 2012 के निर्भया मामले के इतने साल बाद और महिलाओं के खिलाफ ऐसी कई घटनाओं के बावजूद स्लीपर बसों की जांच और निगरानी के नियमों का पालन क्यों नहीं हो रहा है।
राहुल ने अपनी पोस्ट में लिखा, ‘बस में लगे पर्दे सिर्फ उस घटना को छिपाने का जरिया नहीं थे, बल्कि ये सरकार की प्रशासनिक नाकामियों पर सालों से पड़े पर्दे को भी दिखाते हैं’। राहुल गांधी ने केंद्र और राज्य सरकारों से जवाबदेही तय करने की मांग की। उन्होंने सवाल किया कि आखिर कितनी महिलाओं और लड़कियों को ऐसी घटनाएं झेलनी पड़ेंगी, तब जाकर केंद्र और राज्य सरकारें व्यवस्था में सुधार करेंगी।
