नई दिल्ली। सीबीएसई की 12वीं परीक्षा के पेपर जांचने में इस्तेमाल हुई ऑन स्क्रीन मार्किंग प्रणाली की गड़बड़ियों और इसका ठेका दिए जाने में हुई अनियमितता की पोल खोलने वाले छात्र सार्थक सिद्धांत के साथ दो जून को राहुल गांधी ने मुलाकात की थी। राहुल ने रविवार को सार्थक के साथ हुई बातचीत का करीब सवा आठ मिनट का एक वीडियो जारी किया। इसके साथ राहुल ने सीबीआई पर तंज करते हुए कहा कि 18 साल का नौजवान सीबीआई से ज्यादा काबिल निकला।
इससे पहले झारखंड के रहने वाले 18 साल के सार्थक सिद्धांत ने सीबीएसई की 12वीं क्लास के लिए ऑन स्क्रीन मार्किंग यानी ओएसएम प्रणाली और ओएसएम का काम करने वाली कंपनी कोएम्प्ट से जुड़ी टेंडर प्रक्रिया में गड़बड़ी का खुलासा किया था। उन्होंने एक वीडियो बना कर गड़बड़ियां बताई थीं। बाद में सार्थक ने संसद की शिक्षा मामलों की समिति के सामने भी प्रेजेंटेशन दिया था।
राहुल ने वीडियो साझा करते हुए कहा है, ‘देश का 18 साल का युवा सीबीआई से तेज निकला, नौजवानों की ये जीत सही मायने में सरकार की हार है’। गौरतलब है कि झारखंड के रांची के रहने वाले सार्थक ने भी इस साल 12वीं की परीक्षा दी थी। इस साल उत्तर पुस्तिकाओं की जांच के लिए ओएसएम प्रणाली अपनाई गई है, जिससे लाखों छात्रों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ा था। राहुल से बातचीत में सार्थिक ने बताया कि निसर्ग अधिकारी एक एथिकल हैकर हैं, जिन्होंने इस का में उनकी मदद की।
