Naya India-Hindi News, Latest Hindi News, Breaking News, Hindi Samachar

पेपर लीक पर राहुल के निशाने पर शाह

नई दिल्ली। पेपर लीक और परीक्षा में गड़बड़ियों को लेकर लगातार कोई न कोई कार्यक्रम कर रहे लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने रविवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर निशाना साधा। राहुल ने केंद्र सरकार पर आरोप लगाया कि वह छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ कर रही है। नेता प्रतिपक्ष ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखे एक पोस्ट में साफ कर दिया कि कांग्रेस पार्टी इस मुद्दे को शांत नहीं होने देगी।

राहुल ने एक्स पर लिखा, ‘अब मेरे पास कोई रास्ता नहीं बचा, कल प्रयागराज में एक छात्र ने मुझसे यही कहा। सालों की तैयारी, घर की जमीन बेची, मां, बाप का कर्ज और फिर भी हाथ में कुछ नहीं। यह हार उसकी नहीं है। यह उस व्यवस्था की हार है, जिसने उसकी मेहनत का दाम देने से इनकार कर दिया’। राहुल ने आगे लिखा कि तेरह दिन हो गए, गृह मंत्री अमित शाह ने अपने अपने मुंह से एक शब्द नहीं कहा है।

राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि गंभीर संकट के बावजूद सरकार की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई या न कोई बयान आया है। उन्होंने कहा कि दिल्ली के जंतर मंतर की सड़कों पर अपने अधिकारों के लिए आवाज उठा रहे छात्रों और बच्चों पर लाठियां बरसाई गईं और पैलेट गन का इस्तेमाल किया गया, लेकिन सरकार मौन रही। राहुल गांधी ने लिखा, ‘गृह मंत्री जी, यह मत समझिए कि हम जवाबदेही मांगना बंद कर देंगे। आज नहीं तो कल, इस जुर्म का जवाब आपको देना ही पड़ेगा। छात्र देश की रोशनी हैं, और मैं उनकी पूरी शक्ति के साथ खड़ा हूं’। राहुल ने कहा कि छात्रों का यह दर्द किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि पूरे देश के लाखों युवाओं का है जो सालों साल कड़ी मेहनत के बावजूद पेपर लीक और प्रशासनिक लापरवाही का शिकार हो रहे हैं।

Exit mobile version